गणेश पूजन के साथ शुरू हुआ हरदोई का रामलीला, नुमाइश मैदान में लगेगा ऐतिहासिक मेला, वृंदावन के कलाकारों ने प्रस्तुत की मनमोहक झांकियां
हरदोई। जिले के पौराणिक और सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक रामलीला एवं नुमाइश मेले का शुभारंभ शुक्रवार, 23 जनवरी को रामलीला मैदान में विधिवत गणेश पूजन के साथ हुआ। मेला आयोजक एवं संचालक, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राम प्रकाश शुक्ला ने भगवान श्रीगणेश की वंदना कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन एवं हवन संपन्न कराया। शुभारंभ अवसर पर पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान वृंदावन से आए कलाकारों ने मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की और भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। गणेश पूजन के साथ लक्ष्मी-नारायण पूजन एवं हवन कर रामलीला मंचन का विधिवत शुभारंभ किया गया।
आज से नुमाइश मेला परिसर स्थित रामलीला मैदान में प्रतिदिन रामलीला का मंचन किया जाएगा। वृंदावन धाम से पधारे गोविंद गोपाल लीला संस्थान द्वारा रामकथा का मंचन किया जाएगा, जिसके संचालक स्वामी कन्हैया लाल एवं विष्णु दत्त स्वामी हैं। कलाकारों द्वारा पारंपरिक शैली में भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का जीवंत मंचन श्रद्धालुओं को देखने को मिलेगा।









