बदायूं।उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र के खितौरा गांव में ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए सर्राफा दुकान में दिनदहाड़े लूट करने आए तीन बदमाशों को घेरकर दबोचा लिया।हथियारों से लैस बदमाशों ने दुकानदार को डराकर जेवरात और नकदी समेट ली थी,लेकिन भागते समय वो ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए।
दरअसल खितौरा गांव में लालराम की सर्राफा की दुकान पर चार सशस्त्र बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट का प्रयास किया।यह घटना तब हुई जब दुकानदार अपने बेटे अनुज के साथ दुकान पर मौजूद थे।तीन बदमाश तमंचे के बल पर दुकान के अंदर घुसे और जेवरात समेत लगभग 5 लाख रुपये लूटकर भागने लगे।शोर मचने पर ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया और तीन को दबोचा लिया,एक बदमाश भाग निकला।ग्रामीणों ने बदमाशों की जमकर कुटाई की।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को हिरासत में लिया और हथियार बरामद किए।
तमंचे की नोक पर लूट का खौफ
लालराम के मुताबिक वह और उनका बेटा दुकान पर बैठे थे तभी अचानक हथियारों से लैस बदमाश अंदर दाखिल हुए। बदमाशों ने उन पर तमंचा तान दिया और सारा कीमती सामान थैली में डालने को कहा।बदमाशों ने सोने-चांदी के जेवरात और लगभग 5 लाख रुपये कैश बटोर लिए,हालांकि हड़बड़ाहट के कारण वे ज्यादा दूर नहीं जा सके।
ग्रामीणों के साहस से पकड़े गए बदमाश
लूट करने बाद जैसे ही बदमाश भागने लगे,ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।ग्रामीणों ने तीन बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया,जबकि चौथा बदमाश नकदी लेकर भागने में कामयाब रहा।पकड़े गए बदमाशों के पास दो तमंचा और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।पीड़ित रामलाल का आरोप है कि पुलिस घटना के एक घंटे बाद मौके पर पहुंची।
पुलिस और पीड़ित के बयानों में विरोधाभास
इस मामले में पुलिस और पीड़ित के दावों में अंतर देखने को मिल रहा है,जहां पीड़ित लालराम चार बदमाशों के शामिल होने और 5 लाख कैश चोरी होने की बात कह रहे हैं, वहीं पुलिस फिलहाल तीन बदमाशों की गिरफ्तारी की ही पुष्टि कर रही है।ग्रामीण एसपी हृदेश कठेरिया ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और विधिक कार्रवाई जारी है।









