छिबरामऊ, कन्नौज सेअब्दुल्लाह कि रिपोर्ट निगोह खास मोड़ पर महिला की नृशंस हत्या कर शव जलाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान कानपुर निवासी 35 वर्षीय मुस्कान पुत्री नवाब के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी एहतिशाम ने बताया कि मुस्कान का उसके दोस्त के साथ भी प्रेम संबंध था और वह उससे भी निकाह का वादा कर रही थी। इसी बात से आक्रोशित होकर उसने मुस्कान की हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के इरादे से शव को छिबरामऊ क्षेत्र में लाकर जला दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई थीं। लगातार दबिश और छानबीन के बाद शुक्रवार सांय पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है और कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।









