सहारनपुर।उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक युवक की दोस्ती इंस्टाग्राम पर युवती से हो गई।दोस्ती के बाद दोनों का प्यार परवान चढ़ा और शादी की तारीख तय हो गई।युवक के घर में हल्दी बान की रस्म हुई।दूल्हा बना और घोड़ी पर चढ़कर बरेली जाने के लिए बरात भी लेकर निकला,लेकिन शादी के दिन दुल्हन का फोन स्विच ऑफ हो गया।बीच रास्ते से ही बिना दुल्हन बरात को बैरंग लौटना पड़ा।
सहारनपुर के बड़गांव क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की इंस्टाग्राम पर बरेली की एक युवती से दोस्ती हुई।दोस्ती कुछ ही दिनों में प्यार की नैया पर सवार होकर शादी करने तक पहुंच गई।दोनों के बीच फोन पर शादी की तारीख दो दिसंबर तय की गई।युवती के परिजनों ने दहेज में कार देने की पेशकश करते हुए सहारनपुर से ही इसे खरीदने का प्रस्ताव रखा।इस पर युवक सहारनपुर के एक शोरूम पर ब्रेजा कार भी पसंद कर आया।
युवक के परिजनों ने शादी की तैयारियां कीं।हालांकि न लड़की पक्ष यहां आया और न ही लड़का पक्ष वहां गया। रिश्ता फोन पर ही तय हो गया। निमंत्रण मिलने पर रिश्तेदार भी घर इकट्ठा हो गए।दो दिसंबर को युवक सेहरा बांधकर दूल्हा बना और बैंड बाजों के साथ बरात भी चली।दूल्हा बरेली जाने के लिए बरातियों के साथ देवबंद रेलवे स्टेशन पहुंच गया। यहां दूल्हे ने अपनी होने वाली दुल्हन को फोन मिलाया तो बात नहीं हो सकी।बार-बार फोन करने के बाद भी उसका फोन बंद मिला। घंटों प्रयास करने के बाद जब कोई जवाब नहीं आया तो युवक को बरातियों के साथ मायूस होकर लौटना पड़ा।









