Explore

Search

February 15, 2026 4:55 am

इटावा सफारी पार्क में धूमधाम से मनाया गया वन्य प्राणि सप्ताह, 15 स्कूलों के 450 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया भाग

इटावा, 09 अक्टूबर। इटावा सफारी पार्क में ‘मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व’ की थीम पर केंद्रित वन्य प्राणि सप्ताह 2025 का आयोजन 02 से 08 अक्टूबर तक हर्षोल्लास के साथ किया गया। सप्ताह भर चले इस जागरूकता अभियान में जनपद के 15 स्कूलों के 450 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. अनिल कुमार पटेल, आईएफएस, वन संरक्षक, आगरा वृत्त एवं निदेशक, इटावा सफारी पार्क रहे। इस अवसर पर कैलाश यादव, कर्वे यादव और विवेक गुप्ता जैसे जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

वन्यजीव सप्ताह के दौरान स्लोगन लेखन, निबंध लेखन, पेंटिंग, एक्सटेम्पोर, फैंसी ड्रेस और नृत्य नाटिका सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

 

प्रमुख सहयोगी स्कूलों को मिला सम्मान

 

इस वर्ष के आयोजन की खास बात यह रही कि तीन स्कूलों – लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल, पान कुँअर इंटरनेशनल स्कूल और अर्चना मेमोरियल एसजीएम इंटर कॉलेज – ने सह-संयोजक की भूमिका निभाई। इन तीनों विद्यालयों को ‘प्रशंसा प्रमाण पत्र’ देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागी स्कूलों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। यह पहली बार था जब स्कूलों को इस तरह सीधे तौर पर आयोजन में शामिल किया गया।

 

विजेताओं की सूची

 

प्रतियोगिताओं के कुछ प्रमुख विजेता इस प्रकार रहे:

 

· निबंध लेखन: दिल्ली पब्लिक स्कूल की अदिति सिंह सेंगर (सीनियर वर्ग प्रथम), संत विवेकानंद स्कूल की दिव्या यादव (मध्यम वर्ग प्रथम), डीके इंटरनेशनल स्कूल की पीहू वर्मा (जूनियर वर्ग प्रथम)।

· पेंटिंग प्रतियोगिता: अर्चना मेमोरियल स्कूल के प्रिंस पाल (सीनियर वर्ग प्रथम), दिल्ली पब्लिक स्कूल की दक्षिता (मध्यम वर्ग प्रथम), अर्चना मेमोरियल स्कूल की शुभी मिश्रा (जूनियर वर्ग प्रथम)।

· नृत्य नाटिका: अर्चना मेमोरियल स्कूल (प्रथम), दिल्ली पब्लिक स्कूल (द्वितीय), लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल (तृतीय)।

 

मुख्य अतिथि डॉ. अनिल कुमार पटेल ने पुरस्कृत प्रतिभागियों को बधाई देते हुए वन एवं वन्यजीव संरक्षण में युवा पीढ़ी की भूमिका पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में सफारी पार्क के बायोलॉजिस्ट श्री बी.एन. सिंह ने सभी प्रतिभागियों, सहयोगियों और मीडिया का आभार व्यक्त किया।

 

उप निदेशक, डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति संवेदनशील और सक्रिय बनाना था, जिसमें उन्हें सफलता मिली।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर