इटावा 25 अप्रैल, 2025- जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कल दिनांक 24.04.2025 को विकास खण्ड बसरेहर के अकबरपुर गांव में पी0एम0 सम्मान निधि योजना की अगली किश्त पाने के संबंध में बैठक आयोजित की गई
जिसमें उन्होंने उपस्थित किसानों को फार्मर आई0डी0 के बारे में अवगत कराया एवं फार्मर आई0डी0 बनवाने को कहा। उन्होंने बताया कि अब किसान की एक पहचान और एक नं0 होगा जिसके आधार पर उन्हें लाभ प्राप्त कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक किसान लोग फार्मर आई0डी0 कार्ड बनवा लें। उन्होंने उपस्थित किसानों को अवगत कराते हुए कहा कि जसवन्तनगर में नया सरकारी गेहूं क्रय केंद्र खोला जा रहा है, तो सभी किसान केंद्र पर जाकर उचित दाम में गेहूं का विक्रय कर सकते हैं। उन्होंने उपस्थित आमजन से राजस्व व आई0जी0आर0एस0 से जुड़ी समस्याओं के बारे में भी पूछा। उन्होंने किसानों को खेतों में कम दवाइयां डालने एवं कृत्रिम खाद प्रयोग करने हेतु सुझाव दिए। तत्पश्चात उप कृषि निदेशक ने उपस्थित सभी किसानों को प्राकृतिक तरीके से खाद बनाने की विधि बताकर उसे खेतों में प्रयोग करने को कहा। जिलाधिकारी महोदय ने उप कृषि निदेशक को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों के समक्ष प्राकृतिक खाद का एक नमूना बनाकर प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने उपस्थित लोगों से पूछा कि कोटेदार द्वारा राशन ठीक तरीके से प्राप्त कराया जा रहा है या नहीं। उन्होंने संबंधित अधिकारी को गांव की साफ सफाई को लेकर भी निर्देश दिए।
उक्त अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, उप कृषि निदेशक आर0एन0 सिंह, तहसीलदार सदर जय प्रकाश, नायब तहसीलदार प्रीति सिंह सहित आमजन उपस्थित रहे।









