Explore

Search

September 15, 2026 2:33 am

लेटेस्ट न्यूज़

शो-पीस बनी 6 साल पुरानी पानी की टंकी! पानी की जगह पाइपों से निकल रही हवा

अब्दुल्ला अख़्तर

फर्रुखाबाद: विकास के तमाम दावों के बीच ग्राम निनौआ के लोग पिछले 8 सालों से पानी की गंभीर समस्या झेलने को मजबूर हैं। विडंबना यह है कि गांव में लगभग 6 साल पहले पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था और पाइपलाइन भी बिछा दी गई थी। इसके बावजूद आज तक टंकी से ग्रामीणों को एक बूंद पानी नसीब नहीं हुआ है। आलम यह है कि नलों की पाइपलाइन में पानी के बजाय सिर्फ हवा चल रही है, प्रशासनिक उपेक्षा और लगातार मिल रही निराशा से गुस्साए ग्रामीणों ने हाथों में खाली बाल्टियां लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और अपना आक्रोश जताया।
ग्राम सुधार समिति के अध्यक्ष आकाश कटियार ने बताया कि इस विकराल समस्या की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों और विभाग से की जा चुकी है, लेकिन हर बार सिर्फ झूठे आश्वासनों के अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ। धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि जब भी वे इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान के पास जाते हैं, तो वह समय का हवाला देकर बात को टाल देते हैं। मूलभूत सुविधा न मिलने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गांव में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि इसके बाद उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की पूरी जिम्मेदारी शासन, प्रशासन और ग्राम प्रधान की होगी।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर