इटावा बच्चों की सुरक्षा और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए ‘मिशन सेव फ्यूचर’ अभियान की जोरदार शुरुआत की गई है। उप संभागीय परिवहन अधिकारी प्रदीप देशमणी के निर्देशन में अभियान के पहले ही दिन संभागीय निरीक्षक अखिलेश यादव ने संत विवेकानंद स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल बसों की बारीकी से जांच की और कड़े निर्देश दिए कि कोई भी बस बिना फिटनेस, बिना परमिट या तय सुरक्षा मानकों के बिना सड़क पर नहीं चलनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ शासन के निर्देशों के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अब देखने वाली बात यह होगी कि जनपद के विभिन्न स्कूल प्रशासन इस मिशन को लेकर कितने गंभीर नजर आते हैं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में कितना सहयोग करते हैं। स्थानीय अभिभावकों और बुद्धिजीवियों का भी मानना है कि बच्चों के भविष्य और उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ रोकने के लिए परिवहन विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसी औचक कार्रवाइयां लगातार जारी रहनी चाहिए।
Author: Mohammed irfan













