Explore

Search

April 22, 2026 5:18 pm

विपक्ष की संकीर्ण मानसिकता ने नारी शक्ति की आकांक्षाओं को पहुँचाया आघात: धर्मवीर प्रजापति

इटावा ​उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और जनपद इटावा के प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अन्नू गुप्ता के साथ सिंचाई विभाग गेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक के विरोध को लेकर कांग्रेस, सपा, टीएमसी और डीएमके की राजनीति की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल का दिन इतिहास में ‘काला दिवस’ के रूप में दर्ज होगा, क्योंकि इन दलों ने महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने वाले ऐतिहासिक विधेयक को अटकाने और भटकाने का काम किया है।

​प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साझा करते हुए कहा कि नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी कोई उपकार नहीं बल्कि उनका स्वाभाविक अधिकार है। उन्होंने चेताया कि इस ऐतिहासिक अवसर में बाधा डालने वालों को आने वाले चुनावों में नारी शक्ति के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने विपक्ष के विरोध की तुलना संसद में द्रौपदी के चीरहरण से करते हुए इसे लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया। प्रजापति ने स्पष्ट किया कि विपक्ष के लिए महिला सशक्तिकरण महज एक दिखावा है, जबकि भाजपा के लिए यह एक मिशन और संकल्प है।

​कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद इस दल ने न तो ओबीसी वर्ग को अधिकार दिए और न ही महिलाओं को। उन्होंने याद दिलाया कि तीन तलाक, शाहबानो केस और अनुच्छेद 370 जैसे मामलों में कांग्रेस हमेशा महिला हितों के विरुद्ध खड़ी रही। सपा पर तुष्टिकरण और परिवारवाद का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी को जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है।

​सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होंने बताया कि कन्या सुमंगला, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत और शौचालय जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सम्मान के साथ जीने का अधिकार मिला है। कांग्रेस के कार्यकाल में करोड़ों महिलाएं बुनियादी सुविधाओं से वंचित थीं, जिन्हें वर्तमान सरकार ने प्राथमिकता दी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रियंका वाड्रा द्वारा महिलाओं के लिए ‘इस्तेमाल’ जैसे शब्दों का प्रयोग करना नारी शक्ति का अपमान है।

​स्थानीय मुद्दों पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए प्रभारी मंत्री ने आश्वासन दिया कि जनपद में कोई नया स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जाएगा और पुराने मीटरों की खराबियों को तत्काल दूर किया जाएगा। पत्रकारों के उत्पीड़न से जुड़े सवाल पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि प्रदेश में लोकतंत्र का शासन है और किसी भी पत्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, प्रेमदास कठेरिया, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया समेत संगठन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर