अब्दुल्ला अख़्तर
तालग्राम : थाना क्षेत्र के अंतर्गत गदनापुर लोधी गांव में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। कर्ज और गिरवी रखी जमीन को न छुड़ा पाने की मानसिक प्रताड़ना के चलते 52 वर्षीय किसान जदुनाथ राजपूत की मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक के परिजनों के अनुसार, जदुनाथ (52) पुत्र कामता प्रसाद रविवार तड़के करीब 4 बजे अपने खेतों की ओर गए थे। कुछ समय बाद ग्रामीणों ने उन्हें वहां बदहवास और अचेत अवस्था में पड़ा देखा। आनन-फानन में परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां डॉ. जितेंद्र कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
साहूकार को पैसा लौटाने की थी आखिरी तारीख
मृतक की पत्नी सुमन ने बताया कि तीन साल पहले बेटी शिखा की शादी के लिए उन्होंने अपना ढाई बीघा खेत एक साहूकार के पास 1 लाख 20 हजार रुपए में गिरवी रखा था। जदुनाथ ने मेहनत-मजदूरी कर 70 हजार रुपए तो जुटा लिए थे, लेकिन 50 हजार रुपए की व्यवस्था नहीं हो पाई थी।
मृतक की पत्नी सुमन ने बताया कि रविवार को साहूकार को रुपए लौटाने की अंतिम तारीख थी। यदि तय समय पर पैसे नहीं दिए जाते, तो खेत एक और वर्ष के लिए गिरवी रह जाता। इसी चिंता में वह पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में थे।
जदुनाथ खेती के साथ-साथ मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पीछे पत्नी के अलावा दो बेटे (गौरव व सौरभ) और एक बेटी (दीक्षा) हैं। तीनों बच्चे अभी अविवाहित हैं। पिता की मृत्यु के बाद बच्चों के सिर से साया उठ गया है और भविष्य को लेकर परिवार गहरे संकट में है।
अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी थी। थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी, लेकिन परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया गया।
लेटेस्ट न्यूज़
डिप्टी सीएमओ कार्यालय से डिप्टी सीएमओ रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
June 10, 2026
6:10 pm
जैन साध्वियों की सड़क दुर्घटना हत्या के विरोध में दिया ज्ञापन
May 25, 2026
8:25 pm











