Explore

Search

February 14, 2026 7:51 pm

बस में युवती से छेड़छाड़ के बाद भारी बवाल, नशे में धुत युवक ने साथियों संग बोला धावा

छिबरामऊ (सौरिख): आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक नशेबाज युवक ने न केवल बस में बैठी युवती से अश्लीलता की, बल्कि विरोध करने पर अपने गांव के दर्जनों साथियों को बुलाकर पूरी बस पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने सवारियों के साथ जमकर मारपीट की। हालांकि, ड्राइवर की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, सौरिख थाना क्षेत्र का एक युवक अपनी बहन को आगरा से दवा दिलाकर बस से वापस लौट रहा था। उसी बस में सलेमपुर गांव का एक युवक भी सवार था, जो दिल्ली से अपने घर जा रहा था। आरोप है कि सलेमपुर निवासी यह युवक अत्यधिक नशे में था और बस में बैठी युवती के साथ अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ करने लगा।
जब युवती के भाई ने इस बदतमीजी का विरोध किया, तो नशे में धुत आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गया। इस पर बस में मौजूद अन्य सवारियों ने दखल दिया और अश्लीलता कर रहे युवक की जमकर पिटाई कर दी। खुद को घिरा देख आरोपी ने चालाकी से अपने गांव के लोगों को फोन कर एक्सप्रेस-वे पर बुला लिया।
जैसे ही बस सलेमपुर गांव के पास पहुँची, वहां पहले से मौजूद 25 से 30 हमलावर लाठी-डंडे लेकर बस के सामने आ गए। बस रुकते ही हमलावर अंदर घुस गए और यात्रियों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
चीख-पुकार और बिगड़ती स्थिति को देख बस ड्राइवर ने हिम्मत दिखाई और बस को तेजी से भगा लिया। इस अफरा-तफरी के बीच यात्रियों ने बस के अंदर मौजूद एक हमलावर को दबोच लिया। ड्राइवर ने बस को करीब दो किलोमीटर दूर सौरिख टोल प्लाजा पर जाकर रोका। वहां मौजूद यूपीडा कर्मियों को मुख्य आरोपी और पकड़े गए दूसरे हमलावर के साथ पीड़ित भाई-बहन को सौंप दिया गया।
यूपीडा कर्मियों ने तत्काल सभी को सौरिख थाना पुलिस के सुपुर्द किया। पीड़ित युवती ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों पकड़े गए युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है और अन्य फरार हमलावरों की तलाश की जा रही है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर