इटावा 26 सितम्बर, 2025- जन कल्याणकारी योजनाओं की बैठक जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आहूति की गई।
बैठक के दौरान समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, प्रोबेशन, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग आदि की योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान कहा कि शादी अनुदान योजनांतर्गत अधिक से अधिक लोगों को लाभ दिया जाए, जिसपर संबंधित अधिकारी द्वारा बताया गया कि इस योजना का भौतिक लक्ष्य 1200 है, जिसमें प्राप्त कुल आवेदन की संख्या 1150 है एवं अब तक कुल 928 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। ओ लेवल/सी0सी0सी0 कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजनान्तर्गत कुल 583 आवेदकों द्वारा आवेदन किया गया, जिसमें ओ लेवल में 209 एवं सी0सी0सी0 में 72 चयनित प्रशिणार्थियों को संबंधित संस्थाओं द्वारा दिनांक 06.08.2025 से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
पूर्वदशम/दशमोत्तर (कक्षा 9-10 एवं कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत छात्रों द्वारा आवेदन किए जाने की तिथि 02.07.2025 से 30.10.2025 निर्धारित है एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति/ शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत छात्रों द्वारा आवेदन किए जाने की तिथि 10.07.2025 से 20.12.2025 निर्धारित है।
उन्होंने पति की मृत्योपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजनांतर्गत बताया कि पूर्व वर्ष की तुलना में इस वर्ष मृतक की संख्या में बढ़ोतरी पाई गई है, योजना में स्वीकृत आवेदनों की संख्या 32993, नवीन स्वीकृत आवेदन संख्या 1387, मृतक 284 एवं अपात्र आवेदन 82 है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजनान्तर्गत प्राप्त ऑनलाइन आवेदकों की संख्या 3219 है, जिसमें स्वीकृत आवेदन 2200 एवं अस्वीकृत आवेदन संख्या 1019 है। उ0प्र0 मुख्यमंत्री बाल सेवा योजनान्तर्गत अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किए जाने हेतु निर्देश दिए। उ0प्र0 रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजनान्तर्गत 19 प्रकरण लंबित पाए गए, जिसपर जल्द से जल्द निस्तारण हेतु निर्देश दिए गए। सखी-वन स्टॉप सेन्टर के अंतर्गत इंडिकेटर बढ़ाने हेतु निर्देश दिए। चाइल्ड हेल्पलाइन इकाई के अंतर्गत 42 प्रकरण प्राप्त हुए जिसमें सभी का निस्तारण करा दिया गया।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान शादी अनुदान योजनांतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देश दिए एवं बताया कि 1 स्थान पर 100 से अधिक विवाह न किए जाएं, 4-5 अलग-अलग जगहों पर विवाह किए जाएं, बिना भेद-भाव के किए जाएं एवं शुभ व अच्छे तरीके से कराए जाएं।
उक्त बैठक के दौरान समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार तिवारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।









