इटावा सर मदनलाल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के फार्मेसी विभाग में विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2025 का आयोजन किया गया।यह कार्यक्रम फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया नई दिल्ली के निर्देशानुसार आयोजित किया गया था।इस वर्ष का थीम “स्वास्थ्य सोचो,फार्मासिस्ट सोचो” रहा,जिसके माध्यम से स्वास्थ्य सेवा में फार्मासिस्ट की महत्ता को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर क्विज प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें डी.फार्म एवं बी.फार्म के छात्रों ने अपनी सहभागिता की।
क्विज प्रतियोगिता में हर्षित (बी.फार्मा तृतीय वर्ष ) प्रथम स्थान पर रहे,अनुज कुमार (बी फार्मा द्वितीय वर्ष) ने दूसरा स्थान प्राप्त किया इसी क्रम में तानिश्क शर्मा एवं रोमेश (बी.फार्मा प्रथम वर्ष) ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नीलेश शर्मा,ड्रग इंस्पेक्टर, इटावा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में इंद्र बहादुर (अध्यक्ष, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन एवं फार्मासिस्ट, पोस्टमार्टम हाउस,इटावा), विशाल स्नातक (फार्मासिस्ट, टीबी हॉस्पिटल इटावा एवं सचिव, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन), धर्मेन्द्र यादव (फार्मासिस्ट, 28 बटालियन पीएसी, इटावा ),सतेन्द्र दुबे (सीएचसी,सरसईनावर) एवं डॉ.नरेंद्र सिंह (सीएचसी, सरसईनावर) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर किया गया। विजेता छात्र छात्राओं को आमंत्रित अतिथियों द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर निदेशक डॉ. यू.एस.शर्मा ने फार्मासिस्ट की भूमिका एवं स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “स्वास्थ्य केवल रोगमुक्त रहने का नाम नहीं,बल्कि शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से पूर्ण स्वस्थ्य रहने की स्थिति है।सभी फार्मासिस्ट इस दिशा में अहम योगदान देते हैं।
मुख्य अतिथि नीलेश शर्मा ने अपने संबोधन में छात्रों को रुचि के अनुसार कैरियर चुनने तथा फार्मेसी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।इंद्र बहादुर एवं धर्मेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं और कठिन परिश्रम कर सफलता पाने हेतु प्रेरित किया।
संस्थान के चेयरमैन डॉ. विवेक यादव ने विद्यार्थियों को विश्व फार्मासिस्ट दिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का आगमन के लिए आभार व्यक्त किया।









