इटावा, 21 सितम्बर 2025: महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति उत्तर प्रदेश सरकार के अटल संकल्प “मिशन शक्ति-5.0” के तहत जनपद इटावा में आज एक शानदार बाइक/स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य जन-जन तक सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश पहुँचाना था।
शारदीय नवरात्रि से पूर्व आयोजित इस विशेष कार्यक्रम की शुरुआत सदर विधायिका सरिता भदौरिया, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने रिजर्व पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर किया। यह रैली पूरे जनपद में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता की एक नई लहर लेकर चली।
रैली ने लिए शहर के प्रमुख मार्ग
यह ऊर्जावान रैलीरिजर्व पुलिस लाइन से शुरू होकर एसएसपी चौराहा, डीएम चौराहा, रेलवे स्टेशन, शास्त्री चौराहा, नौरंगाबाद चौराहा, पक्का तालाब चौराहा होती हुई वापस रिजर्व पुलिस लाइन पहुँचकर समाप्त हुई। रैली के दौरान महिला सुरक्षा दल के सदस्यों ने लोगों को हेल्पलाइन नंबरों 1090, 181, 112, 1930, 1076, 102, 101, 108 और 1098 की जानकारी दी और “सशक्त नारी – समृद्ध प्रदेश” का संदेश देते हुए पम्पलेट्स वितरित किए।
क्या है ‘मिशन शक्ति-5.0’ का लक्ष्य?
इसकी शुरुआत 20 सितम्बर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की थी। इस मिशन का उद्देश्य महिलाओं को एक भयमुक्त वातावरण, गरिमामय जीवन और आत्मनिर्भर बनाना है। इसी कड़ी में, प्रदेश के सभी 1,647 थानों में “मिशन शक्ति केंद्र” खोले गए हैं, जो महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित सहायता, समस्या समाधान, सरकारी योजनाओं से जोड़ने और परामर्श की सुविधा एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराएँगे।
विशेष महिला सुरक्षा दल की भूमिका
इटावा में गठित यह विशेष दल अब बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और त्योहारों के दौरान विशेष रूप से सक्रिय रहेगा, ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस दल को एक मानकीकृत कार्यप्रणाली अपनाने के लिए एसओपी पुस्तिकाएं भी जारी की गई हैं।
कार्यक्रम में उपस्थिति
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर(नोडल मिशन शक्ति) अभयनाथ त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर इटावा अभय नारायण राय, क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर सुश्री आयुषी, क्षेत्राधिकारी सैफई रामगोपाल शर्मा, क्षेत्राधिकारी चकरनगर रामदवन मौर्य सहित पुलिस एवं प्रशासन के तमान अधिकारी मौजूद रहे।
एक जनआंदोलन है मिशन शक्ति
माननीय सदर विधायिका सरिता भदौरिया ने कहा कि “मिशन शक्ति केवल एक योजना नहीं, बल्कि यह महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और अधिकार दिलाने का जनआंदोलन है। आज की यह रैली पूरे जनपद में जागरूकता और विश्वास का संदेश लेकर जाएगी।
इस पहल के माध्यम से न केवल त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि प्रदेश में महिला-पुरुष समानता, विश्वास और विकास की दिशा में एक नया अध्याय भी शुरू होगा।









