इटावा 22 जुलाई, 2025- स्थानीय निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
जिसमें जिलाधिकारी ने जनपद की सभी 06 निकायों की समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर आई रैंक पर नाराजगी व्यक्त करते हुये सम्बंधित को सुधार करते हुये लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जहां रैंक कम है वहाँ लक्ष्य को एक कार्ययोजना बनाकर पूरा किया जाए एवं स्वच्छता मिशन में कार्यरत कार्मिकों को प्रशिक्षण देकर कार्य करवाया जाए। उन्होंने नाजिर इटावा को निर्देशित करते हुए कहा कि स्थाई/अस्थाई कार्मिकों को सूचीबद्ध करके प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा जनपद में बन्द पडे प्लाण्ट को चालू कराया जाये, जिससे वर्मी कम्पोस्ट खाद तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से सम्बंधित गाडियाँ जैसे टिपर, मिनी टिपर आदि को दुरुस्त रखा जाये, जिससे कार्य करने में आसानी हो। उन्होंने सभी नगर निकायों/नगर पालिकाओं के जिम्मेदार अधिकारियों को माडर्न सिस्टम के आधार पर एवं योजनाबद्ध तरीके से सुधार करने का सुझाव दिया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के अंतर्गत गांव तथा शहर आदि में कूड़ा उठाकर वर्मी कंपोस्ट बनाने के निर्देश दिए एवं गौशाला में पिट बनाकर वर्मी कंपोस्ट खाद तैयार करने का सुझाव दिया। उन्होंने कूड़ा इकट्ठा करने हेतु गाड़ियां जैसे टिपर, मिनी टिपर, ट्राईसाईकिल आदि खरीदने के निर्देश दिए, जिससे गांव में स्वच्छता का कार्य आसानी से और समय से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी नगर निकायों एवं नगर पालिकाओं में घरों की संख्या के आधार पर टिपर/मिनी टिपर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सॉलिड वेस्ड और लिक्विड वेस्ड के लिए आवंटित बजट को उसी मद में खर्च करें, अन्य में नहीं। उन्होंने बैठक के दौरान स्वच्छता एवं स्वच्छ पेयजल पर भी फोकस किया तथा हर निकाय को योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कान्हा गौशाला निर्माण की स्थिति के बारे में कहा कि सभी नगर निकायों में गौशालाओं का निर्माण करना आवश्यक है तदोपरांत मुख्यमंत्री वैश्णविक नगरोदय योजना एवं बंदन योजना तथा अन्य योजनाओं के बारे में भी विस्तृत चर्चा की गई।
उक्त अवसर पर अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एवं जनपदीय नगर निकायों/नगर पालिकाओं से संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।









