सर्वप्रथम मा० अध्यक्ष, उ0प्र0 राज्य महिला आयोग द्वारा अहमदाबाद में हुई घटना को लेकर दो मिनट का मौन धारण किया गया।
इटावा 13 जून, 2025- डा० बबीता सिंह चौहान, मा0 अध्यक्ष, उ0प्र0 राज्य महिला आयोग एवं उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती पूनम द्विवेदी की अध्यक्षता में महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए सिंचाई गेस्ट हाउस में महिला जनसुनवाई करते हुए पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुना एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन को लेकर उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम चौपाल लगाके योजना का प्रचार-प्रसार किया जाए एवं आमजन की समस्याओं को सुना जाए तथा त्वरित निस्तारण भी किया जाए साथ ही उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन का सर्वे कराकर जरूरतमंद महिलाओं को योजना का लाभ अवश्य दिया जाए। उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यालयों में शिकायत पेटी अवश्य लगाई जाए। उन्होंने सामूहिक विवाह को लेकर जल्द से जल्द लक्ष्य पूर्ण कराने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि शादी अनुदान योजना को लेकर लाभार्थियों को ज्यादा से ज्यादा लाभ दिया जाए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सरकार की मंशा है कि शिक्षा, चिकित्सा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में मरीजों को सारी सुविधाएं दी जाएं एवं उनको बाहर से दवा न लिखी जाए। उन्होंने सी0एम0एस0 को निर्देश दिए कि आपके द्वारा समय-समय पर औचक निरीक्षण भी किए जाएं। उन्होंने बाल विकास एवं पुष्टाहार योजना के तहत जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति को बढ़ाया जाए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में प्रत्येक शौचालय में वेंडिंग मशीन अवश्य लगाई जाए एवं सभी शौचालयों में महिला कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने जिला दिव्यांगजन अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी जरूरतमंद को दिव्यांग उपकरण दिए जाएं। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कस्तूरबा विद्यालय को लेकर पूछताछ की जिसपर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद में 2 कस्तूरबा गांधी विद्यालय हैं, दोनों स्कूलों में सौ-सौ बच्चों की सीट है एवं दोनों फुलफिल है, जिसपर महोदय द्वारा बताया गया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के द्वारा समय-समय पर निरीक्षण एवं बच्चों के साथ भोजन की गुणवत्ता को परखा जाए एवं उनके साथ भोजन भी किया जाए। उन्होंने कहा कि वन स्टाफ सेंटर पर बाउंड्री वॉल अवश्य की जाए एवं सभी की ड्यूटी रोस्टर बनाकर लगाई जाए।
जनसुनवाई के दौरान 13 शिकायत पत्र प्राप्त हुए जिसमें सबसे ज्यादा महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। मा0 अध्यक्ष द्वारा मौके पर 01 शिकायत का निस्तारण किया गया एवं उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शेष 10 प्रकरणों का 15 दिन के अंदर निस्तरण किया जाए।
मा0 सदस्य ने महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं/ शिकायतों से रुबरू होते हुए कहा कि समस्याओं से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित न्याय देने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए सरकार द्वारा मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके हक के प्रति सजग किया जा सके और उन्हें सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों का भी दायित्व बनता है कि वे महिलाओं एवं बालिकाओं की छोटी-बड़ी शिकायतों को गम्भीरता से लें और त्वरित कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाना सुनिश्चित करें, जिससे समस्याओं से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को न्याय के लिए इधर- उधर भटकना न पड़े और उनका मान-सम्मान प्रत्येक दशा में कायम रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी बहन- बेटियों के मान सम्मान को बनाये रखने के लिए उनकी सुरक्षा हेतु हेल्पलाइन नंबर का संचालन कर रही है। यदि कोई भी व्यक्ति किसी भी महिला एवं बालिका के मान सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश करता है तो वह बे-झिझक इन टोल फ्री नम्बर का उपयोग कर शिकायत कर सकती है। यदि उनको समय से न्याय नही मिलता है तो वे राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज करा सकती है। ऐसे प्रकरणों पर निश्चित ही महिला आयोग से समस्या से पीड़ित महिलाओं व बालिकाओं को न्याय मिलेगा।
उक्त अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, सी0ओ0 जसवन्तनगर आयूषी सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सूरज सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र कुमार शशि, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी एवं पीड़ित महिलाएं आदि उपस्थित रहे।









