Explore

Search

November 6, 2026 8:25 am

लेटेस्ट न्यूज़

दीपावली पर उज्ज्वला योजना का बड़ा तोहफा: इटावा के लाभार्थियों को मिली ₹10 करोड़ की सब्सिडी, CM योगी ने दिया खुशियों का उपहार

इटावा, 03 नवम्बर 2026 — दीपावली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के 1.89 करोड़ पात्र लाभार्थी परिवारों को लगभग ₹1,500 करोड़ की धनराशि से रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक सरिता भदौरिया ने की। इस अवसर पर लखनऊ स्थित लोक भवन से माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आयोजित सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।

 

“त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक, जब अंतिम पायदान के व्यक्ति के जीवन में भी उत्साह हो”

 

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में भी खुशहाली और उत्साह हो। दीपावली के अवसर पर उज्ज्वला योजना की लाभार्थी बहनों को गैस सिलेंडर रिफिल के लिए सब्सिडी उपलब्ध कराना उनके जीवन में खुशियों की रोशनी लाने का प्रयास है।

 

उन्होंने बताया कि प्रदेश के लगभग 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों के बैंक खातों में लगभग ₹1,500 करोड़ की सब्सिडी की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से भेजी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने संकल्प के अनुरूप प्रत्येक वर्ष उज्ज्वला योजना की लाभार्थी बहनों को दो निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा उपलब्ध करा रही है — पहला सिलेंडर दीपावली तथा दूसरा होली के अवसर पर।

 

“उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को दिया सम्मानजनक जीवन”

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रारंभ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों की माताओं एवं बहनों को लकड़ी और उपलों के धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके स्वास्थ्य की रक्षा करने के साथ ही उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सब्सिडी की धनराशि बिना किसी बिचौलिए और भ्रष्टाचार के सीधे लाभार्थियों के आधार लिंक बैंक खातों में पहुंचे।

 

सरकार द्वारा निःशुल्क राशन, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

 

इटावा के लाभार्थियों को ₹10 करोड़ की सब्सिडी

 

सदर विधायक सरिता भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि आज मुख्यमंत्री द्वारा उज्ज्वला योजना की लाभार्थी बहनों के बैंक खातों में सब्सिडी की धनराशि भेजी गई है। जनपद इटावा के लाभार्थियों के खातों में भी लगभग ₹10 करोड़ की धनराशि अंतरित की गई है।

 

उन्होंने कहा कि आज से लगभग 10 वर्ष पूर्व महिलाओं के लिए यह कल्पना करना भी कठिन था कि सरकार की योजनाओं के माध्यम से उनके बैंक खातों में सीधे धनराशि पहुंचेगी, लेकिन माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके जीवन स्तर में सुधार लाने तथा उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार पूरी ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचा रही है। उन्होंने लाभार्थी बहनों की ओर से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

10 महिलाओं को चेक वितरित

 

इस अवसर पर विधायक सरिता भदौरिया द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की 10 लाभार्थी महिलाओं को सब्सिडी के चेक वितरित किये गए।

 

मतदाता सूची व जनगणना पर भी दी गई जानकारी

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता बनने की प्रक्रिया निरंतर चल रही है। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जनगणना का कार्य 16 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में नागरिक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा के माध्यम से मोबाइल अथवा कंप्यूटर द्वारा स्वयं भी अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

 

गणमान्यजन रहे उपस्थित

 

कार्यक्रम के दौरान समस्त जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

#UjjwalaSubsidy #DiwaliGift #EtawahNews #YogiGovernment #WomenEmpowerment #DBT #UttarPradesh #GasCylinderSubsidy #PMUjjwalaYojana #दीपावली #उज्ज्वला_योजना

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर