Explore

Search

February 15, 2026 3:52 am

हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजेंगे शिवालय, शक्तिपीठ गमा देवी में मचेगी शिवमय धूम

महाशिवरात्रि पर श्री रामचरितमानस का अखंड पाठ और रुद्र महायज्ञ आज से, उमड़ेगी भक्तों की भारी भीड़

अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ (कन्नौज): महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आज पूरा क्षेत्र ‘शिवमय’ हो गया है। नगर के प्रसिद्ध सिद्धपीठ शक्तिपीठ गमा देवी मंदिर में इस बार विशेष धार्मिक आयोजनों की तैयारी की गई है। रविवार को प्रातः 11:00 बजे से विशेष संपुट मंत्र ‘विश्वनाथ ममनाथ पुरारी। त्रिभुवन महिमा बिदित तुम्हारी॥’ के साथ श्री रामचरितमानस के अखंड पाठ और जलाभिषेक का शुभारंभ होगा।
बनारसी दास शास्त्री ने जानकारी देते हुए बताया कि शास्त्रीय मान्यताओं के अनुसार आज ही के दिन माता गौरा-पार्वती और भगवान शंकर का विवाह संपन्न हुआ था। आज देशभर में और विशेषकर काशी नगरी में भगवान शिव की बारात बड़े धूमधाम और श्रद्धा-भक्ति के साथ निकाली जाती है। इसी उल्लास को देखते हुए मंदिर परिसर में विशेष साज-सज्जा और पूजन की व्यवस्था की गई है।
आयोजन के बारे में बताते हुए पंडित शास्त्री ने कहा कि रविवार से शुरू होने वाले श्री रामचरितमानस पाठ का समापन सोमवार, 16 फरवरी को रुद्र महायज्ञ के साथ होगा। महायज्ञ की पूर्णाहूति के बाद विशाल भंडारा और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
पंडित बनारसी दास शास्त्री ने क्षेत्र के सभी शिव भक्तों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शक्तिपीठ गमा देवी पहुंचकर अखंड पाठ का श्रवण करें, जलाभिषेक करें और रुद्र महायज्ञ में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर