Explore

Search

August 16, 2026 12:27 pm

इटावा में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’: जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए

इटावा, 07 फरवरी, 2026: तहसील भरथना में आयोजित ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ की बैठक में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिकारी संबंधित कर्मचारियों के साथ स्वयं मौके पर जाकर शिकायतकर्ता की बात सुनें और समाधान करें।

 

इस दौरान तहसील भरथना से जमीन से जुड़ी शिकायतों सहित कुल 26 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 04 का तत्काल मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश के साथ सौंपा गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि एक सप्ताह से अधिक लंबित प्रकरणों में देरी के कारणों का उल्लेख करते हुए, सभी मामलों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से कर लिया जाए।

 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी कहा कि वे गाँवों के भ्रमण के दौरान अपने विभाग की योजनाओं का मौके पर सत्यापन करें और लाभार्थियों का फीडबैक भी लें, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुँचे।

 

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से जुड़े मामलों की सुनवाई की और थानाध्यक्षों को हर मामले में मौके पर जाकर कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लिया जा रहा है, इसे ध्यान में रखते हुए कार्यवाही की जाए।

 

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर