Explore

Search

February 14, 2026 10:26 pm

देवरानी के ‘चरित्र हनन’ के आरोप से आहत विवाहिता ने की खुदकुशी, तीन बच्चों के सिर से उठा माँ का साया

छिबरामऊ (कन्नौज): कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर अंबेडकर नगर मोहल्ले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक विवाहिता ने पारिवारिक कलह और गंभीर आरोपों से क्षुब्ध होकर मौत को गले लगा लिया। मृतका ने देर रात अपने ही घर में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकंदरपुर अंबेडकर नगर निवासी नीलम (पत्नी रवि कुमार) ने बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे अपने कमरे में फांसी लगा ली। बताया जा रहा है कि नीलम की शादी वर्ष 2012 में हुई थी। उनके पति रवि पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं और अक्सर बाहर रहते हैं। घटना के समय जब परिजनों को अनहोनी का अहसास हुआ, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा और शव को फंदे से नीचे उतारा।

इस पूरे मामले में मृतका की बहन प्रिया ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रिया घटना के समय नीलम के घर पर ही मौजूद थी। उसने पुलिस को बताया कि नीलम की देवरानी जय (शिवम की पत्नी) ने नीलम पर अपने पति (नीलम के देवर) के साथ अवैध संबंधों का झूठा आरोप लगाया था इस लांछन और सार्वजनिक अपमान से नीलम गहरे मानसिक तनाव में थी अपनी गरिमा पर लगे इस चोट को वह बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

नीलम की मौत ने तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया है। मृतका के तीन बच्चे हैं विवेक (10 वर्ष),अनन्या (7 वर्ष),तनु (4 वर्ष)

आधी रात को हुई इस घटना के बाद से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सौ शैय्या अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।

कोतवाली प्रभारी विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राथमिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर