Explore

Search

February 14, 2026 7:29 pm

मेधावियों का नेशनल लेवल पर डंका: वर्ल्ड स्किल चैलेंज में झटके 8 स्वर्ण और 7 रजत पदक

इटावा दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), इटावा के होनहारों ने विश्व स्तर पर आयोजित प्रतिष्ठित ‘वर्ल्ड स्किल चैलेंज’ प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस कड़े मुकाबले में देशभर के लगभग 300 स्कूलों के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्राइमरी, जूनियर और सीनियर वर्गों में हिस्सा लिया था, लेकिन डीपीएस इटावा के विद्यार्थियों ने अपनी असाधारण कौशल और मेहनत के दम पर सफलता का परचम लहरा दिया।

​विद्यालय के कुल 87 विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता के लिए दावेदारी पेश की थी, जिनमें से 32 छात्रों ने क्षेत्रीय स्तर पर अपनी जगह पक्की की। विशेष रूप से छात्र अंश यादव ने प्रतियोगिता में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। क्षेत्रीय स्तर पर 13 स्वर्ण और 6 रजत पदक जीतने के बाद, इन मेधावियों ने राष्ट्रीय स्तर पर भी अपना दबदबा बरकरार रखा और शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 स्वर्ण एवं 7 रजत पदक अपनी झोली में डाल लिए।

​स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रमुख चेहरों में सीनियर वर्ग से तन्मय पार्थ द्विवेदी, यथार्थ चंदेल, ऋषांक चौधरी और उज्ज्वल यादव शामिल रहे, वहीं जूनियर वर्ग में अब्दुल्ला, अंश यादव, मोहम्मद आहिल खान और आभास सिंह गौर ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। रजत पदक जीतने वालों में सीनियर वर्ग की ईशा, तान्या, तन्वी नाज़ और जूनियर वर्ग के अर्नब, अभिनव, मयंक और व्योम ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

​विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे शिक्षक सुबूर अनवर, अंकिता उपाध्याय और शीतल कुमारी का कुशल मार्गदर्शन रहा, जिन्होंने छात्रों को हर स्तर पर तैयार किया। विद्यालय की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर चेयरमैन डॉ. विवेक यादव, वाइस चेयरमैन डॉ. प्रीति यादव और प्रिंसिपल भावना सिंह ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं और उनके शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर