Explore

Search

February 14, 2026 10:49 pm

थियोसोफिकल इंटर कॉलेज में देशभक्ति की लहर: डॉ. सीमा शाक्या की उपस्थिति में धूमधाम से मना 77वां गणतंत्र दिवस

इटावा प्रतिष्ठित थियोसोफिकल इण्टर कालेज के प्रांगण में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह अपार हर्षोल्लास और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की सदस्या डॉ. सीमा शाक्या ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ायी। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय स्थित माँ अन्नपूर्णा देवी मंदिर में पूजन और आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ हुआ। इसके पश्चात डॉ. शाक्या ने विद्यालय प्रबंधक अवधेश नारायण तिवारी, सचिव अशोक चतुर्वेदी और प्रधानाचार्य अनूप मिश्रा की उपस्थिति में आन-बान-शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान की गूँज के बीच माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की गई, जिसमें विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

​संबोधन की कड़ी में मुख्य अतिथि डॉ. सीमा शाक्या ने छात्र जीवन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया, जिसका छात्रों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक सुनीता मिश्रा ने भी अपने विचार साझा कर बच्चों का मार्गदर्शन किया। इस भव्य समारोह के दौरान थियोसाफिकल लाज की सचिव रमा चतुर्वेदी, शिक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. के.के. सक्सेना, श्रीमन नारायण तिवारी, संजीव चतुर्वेदी सहित प्रबंध समिति के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रवक्ता अमित शुक्ला एवं प्रभा तिवारी द्वारा किया गया, जबकि प्रधानाचार्य अनूप मिश्रा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए समारोह का विधिवत समापन किया।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर