इटावा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के 26वें दिन गणतंत्र दिवस का पर्व परिवहन विभाग में दोहरी खुशी और संकल्प के साथ मनाया गया। शासन के निर्देशानुसार, आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय (ARTO) में भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन हुआ। देशभक्ति के इस माहौल में ए.आर.टी.ओ. प्रशासन प्रदीप कुमार देशमणि ने उपस्थित समस्त स्टाफ और प्रवर्तन सिपाहियों को जीवन रक्षा की शपथ दिलाई। इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन न केवल कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि सुरक्षित घर पहुँचने की गारंटी भी है।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ए.आर.टी.ओ. ने जोर दिया कि दो पहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठी सवारी को अनिवार्य रूप से बी.आई.एस. मानक वाला हेलमेट पहनना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों को संकल्प दिलाया कि वे चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करेंगे, लेन ड्राइविंग के नियमों का सम्मान करेंगे और कभी भी तेज रफ्तार या गलत दिशा में वाहन नहीं चलाएंगे। शपथ में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग और नशे की हालत में ड्राइविंग जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए इनसे दूर रहना ही समझदारी है।
समारोह के अंत में भावुक अपील करते हुए अधिकारियों ने कहा कि “घर पर बच्चे आपका इंतजार कर रहे हैं”, इसलिए सड़क पर सावधानी बरतना अनिवार्य है। साथ ही, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहने का भी संकल्प लिया गया। इस अवसर पर अन्य जनपदों से आए प्रवर्तन सिपाही और परिवहन विभाग इटावा का समस्त स्टाफ मौजूद रहा, जिन्होंने सामूहिक रूप से ‘जय हिंद-जय भारत’ के उद्घोष के साथ सुरक्षित यातायात का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का बीड़ा उठाया।
Author: Mohammed irfan












