Explore

Search

April 16, 2026 4:36 pm

डीपीएस इटावा के रणबांकुरों का नेशनल चैंपियनशिप में दबदबा,,जीते 4 स्वर्ण सहित 9 पदक,,जम्मू-कश्मीर की धरती पर

इटावा नन्हे चैंपियंस ने गाड़े सफलता के झंडे, विद्यालय में खुशी की लहर

​दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) इटावा के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर खेल के मैदान में अपनी असाधारण प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए इतिहास रच दिया है। हाल ही में 16 से 18 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर के प्रतिष्ठित जेकेएससी स्टेडियम में आयोजित हुई 7वीं नेशनल क्वानकीडो चैंपियनशिप में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अदम्य साहस और कौशल का प्रदर्शन किया। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में डीपीएस इटावा के लिटिल चैंपियंस ने शानदार खेल दिखाते हुए कुल 9 पदक अपने नाम किए, जिसने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया है।

​विजेताओं की उपलब्धियों पर नजर डालें तो आराध्या कुशवाहा ने अंडर-17 आयु वर्ग की प्री-वी कैटेगरी में बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इसी विजयी अभियान को आगे बढ़ाते हुए अंशिका यादव ने 25 किलो भार वर्ग में और नमन ने अंडर-27 किलो चिल्ड्रन कैटेगरी में अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर स्वर्ण पदक जीते। विद्यालय की एक और प्रतिभावान खिलाड़ी आराध्या नग्याच ने दोहरा प्रदर्शन करते हुए अंडर-36 किलो चिल्ड्रन कैटेगरी में एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया।

​पदकों की इस कड़ी में प्रियांशी वर्मा ने सब-जूनियर कैटेगरी के अंडर-33 किलो भार वर्ग में और इतांशा सिंह ने अंडर-36 किलो सब-जूनियर वर्ग में रजत पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं, देवांश गुप्ता ने अंडर-48 किलो भार वर्ग में और अर्णब कुमार ने जूनियर वर्ग के अंडर-44 किलो भार वर्ग में कड़े संघर्ष के बाद कांस्य पदक प्राप्त किए। इस तरह इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में डीपीएस इटावा की झोली में कुल 4 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक आए, जिससे पदक तालिका में विद्यालय का स्थान काफी ऊपर रहा।

​इस ऐतिहासिक सफलता पर दिल्ली पब्लिक स्कूल इटावा के चेयरमैन डॉ. विवेक यादव, वाइस चेयरमैन डॉ. प्रीति यादव और प्रिंसिपल भावना सिंह ने सभी पदक विजेता छात्रों को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों के कड़े परिश्रम और उनकी कोच आराधना तिवारी के कुशल मार्गदर्शन को दिया। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि ये लिटिल चैंपियंस भविष्य में भी इसी तरह राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर