इटावा आज के दौर में जहाँ युवा पीढ़ी अपनी करियर और आधुनिक जीवनशैली में व्यस्त है, वहीं जनपद के एक युवा ने अपनी कम उम्र में ही जीव सेवा और गौ रक्षा की एक ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी चर्चा आज हर जुबान पर है। हम बात कर रहे हैं शिवा ठाकुर उर्फ शुभम चौहान की, जिनका गौ रक्षा और बेसहारा पशुओं की सेवा में दिया गया योगदान जनपद में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
संस्कारों से उपजा जीव प्रेम
शिवा ठाकुर बताते हैं कि जानवरों के प्रति उनका लगाव कोई नया नहीं है, बल्कि यह उनके बचपन से ही उनके स्वभाव में रहा है। अपनी इस सक्रियता का श्रेय वे अपने माता-पिता को देते हैं। उनका कहना है कि “माता-पिता द्वारा दिए गए उच्च संस्कारों के कारण ही मुझे मूक पशुओं के दर्द को समझने और उनकी सेवा करने की प्रेरणा मिली है।” आज शिवा न केवल गौ रक्षा करते हैं, बल्कि घायल अवस्था में मिलने वाले पशुओं का उचित इलाज और देखभाल भी सुनिश्चित करते हैं।
2019 से अनवरत जारी है सेवा का सफर
गौ रक्षा के क्षेत्र में शिवा ठाकुर की सक्रियता साल 2019 से निरंतर जारी है। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने न केवल गौ तस्करी को रोकने में मदद की है, बल्कि सड़कों पर लावारिस और बीमार अवस्था में घूमने वाली गायों के लिए एक रक्षक की भूमिका निभाई है। उनके इस जज्बे ने जनपद के अन्य युवाओं को भी इस नेक कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है।
’राष्ट्रीय गौ सेवा संघ’ के माध्यम से बड़ा लक्ष्य
शिवा का सपना केवल यहीं तक सीमित नहीं है। वे भविष्य में एक संगठित एनजीओ (NGO) बनाकर इस कार्य को और बड़े स्तर पर ले जाना चाहते हैं। वर्तमान में उनकी संस्था में 20 सक्रिय सदस्य जुड़े हुए हैं जो दिन-रात उनकी इस मुहिम में कंधे से कंधा मिलाकर साथ दे रहे हैं।
शिवा ठाकुर ने जानकारी दी कि उनकी आगामी संस्था का नाम ‘राष्ट्रीय गौ सेवा संघ’ होगा। इस संस्था का मुख्य उद्देश्य बेसहारा गौवंश के लिए आश्रय स्थल बनाना, एम्बुलेंस की सुविधा प्रदान करना और घायल पशुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना होगा।
समाज के लिए संदेश
शिवा ठाकुर का मानना है कि गौ सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने जनपद के अन्य युवाओं से भी अपील की है कि वे अपनी व्यस्त दिनचर्या में से थोड़ा समय इन मूक प्राणियों के लिए जरूर निकालें। शिवा की इस पहल की क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी भूरी-भूरी प्रशंसा की है।
सालेख शिवम दुबे/मो इरफान









