शॉर्ट सर्किट से खड़े ट्रक में लगी आग, पिहानी पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
समय रहते मौके पर पहुंची पिहानी पुलिस, कॉस्मेटिक लदे ट्रक की आग पर पाया गया काबू
पिहानी (हरदोई)।कोतवाली पिहानी क्षेत्र के सालिया–पिहानी मार्ग पर अब्दुल्ला नगर गांव के पास बीती रात 10 जनवरी की सुबह करीब 4 बजे खड़े एक 12 चक्का ट्रक में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पिहानी पुलिस की सक्रियता से समय रहते राहत कार्य शुरू किया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।इस हादसे में ट्रक में लदा कॉस्मेटिक का लगभग आधा सामान जलकर नष्ट हो गया, जबकि ट्रक के 10 टायर भी पूरी तरह जल गए। वाहन स्वामी को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।ट्रक संख्या UP 21 DT 8178 के मालिक नदीम ने बताया कि उनका ट्रक चंडीगढ़ से गुवाहाटी बी जॉन कंपनी का कॉस्मेटिक सामान लेकर जा रहा था। ट्रक सालिया–पिहानी मार्ग पर अब्दुल्ला नगर गांव के पास खड़ा था, क्योंकि एक चालक अपने परिवार से मिलने अपने गांव इम्तियाजपुर माजरा, अब्दुल्ला नगर गया हुआ था, जबकि दूसरा चालक ट्रक में ही सो रहा था। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट से ट्रक में आग भड़क उठी।आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही कोतवाली पिहानी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए राहत कार्य शुरू कराया। बाद में दमकल टीम के सहयोग से आग पर काबू पाया गया।हालांकि, तब तक ट्रक में रखा लगभग आधा कॉस्मेटिक सामान और 10 टायर जल चुके थे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए आवागमन नियंत्रित किया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।वाहन मालिक नदीम ने कहा कि यह घटना उनके लिए बड़ा आर्थिक झटका है, लेकिन समय पर पुलिस के पहुंचने से बड़ा नुकसान और जनहानि टल गई। क्षेत्रवासियों ने भी पिहानी पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की है।









