Explore

Search

February 14, 2026 9:25 pm

प्रमुख शातिर अपराधी गिरफ्तार: इटावा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में घायल हुआ 24 केसों का वांछित बदमाश, राइफल व बिना नंबर की कार बरामद

इटावा पुलिस का बड़ा एक्शन 11 जनवरी, 2026 इटावा। अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए इटावा पुलिस ने एक शातिर वांछित अपराधी को मुठभेड़ करके गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त 24 से अधिक गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल है। पुलिस को उसके कब्जे से एक फैक्ट्री निर्मित .315 बोर की राइफल, कारतूस, एक मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की एक कार भी बरामद हुई है।

जनपद में अपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देशों के तहत थाना बकेवर की पुलिस टीम ने शनिवार को सुनवर्षा अंडरपास के पास संदिग्ध वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बरोख की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही एक बिना नंबर प्लेट की कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार अभियुक्तों ने पुलिस पर गोलियां चलाकर फरार होने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल पीछा किया और उरैन गांव के पास उन्हें घेर लिया। मुठभेड़ में अभियुक्तों ने फिर पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस को आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान एक अभियुक्त, प्रवीन उर्फ मंगल यादव उर्फ सुनील कुमार के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके एक साथी ने अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफलता पाई, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

 

गिरफ्तार अभियुक्त:

प्रवीन उर्फ मंगल यादव उर्फ सुनील कुमार (पिता: रणवीर सिंह), निवासी- हरचंद्रपुरा, थाना सिविल लाइन, इटावा। यह एक शातिर और हिस्ट्री-शीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ इटावा, कानपुर देहात, मैनपुरी, औरैया, उन्नाव, फिरोजाबाद, गौतमबुद्ध नगर सहित विभिन्न जनपदों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट जैसी गंभीर धाराओं के तहत कुल 24 मामले दर्ज हैं।

 

बरामद सामान:

 

· 01 फैक्ट्री निर्मित .315 बोर राइफल

· 04 खोखा कारतूस (.315 बोर)

· 06 जिंदा कारतूस (.315 बोर)

· 01 बिना नंबर प्लेट की ह्युंडई एक्सेंट कार (घटना में प्रयुक्त)

· 01 मोबाइल फोन

 

मामला थाना बकेवर में दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर रेंज एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) इटावा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर