रिपोर्ट सचिन मिश्रा भारतीय किसान यूनियन (भानु) जनपद कन्नौज 03 जनवरी 2026 सौसैया अस्पताल का एक घिनौना कृत्य हाल ही में वीडियो के माध्यम से सार्वजनिक हुआ, जिसके बाद जिला डिप्टी सीएमओ द्वारा यह कहा गया कि मामले की जांच हेतु समिति बनाई जाएगी और संबंधित व्यक्तियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

03 जनवरी 2026 को यह जानकारी प्राप्त हुई कि जिस महिला ने वह वीडियो बनाया था, उसे अस्पताल प्रशासन (सीएमएस) तथा कुछ अन्य व्यक्तियों द्वारा डराया‑धमकाया जा रहा है। उसकी ड्यूटी हटा दी गई है तथा भविष्य में नौकरी से निकालने की भी धमकियां दी जा रही हैं।
इस अन्याय के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (भानु) जनपद कन्नौज का प्रतिनिधिमंडल आज सौसैया अस्पताल, छिबरामऊ पहुँचा। प्रतिनिधिमंडल ने वहाँ पहुँचकर महिला के पक्ष में आवाज उठाई और यह माँग की कि उसे न केवल संरक्षण दिया जाए, बल्कि जिला प्रशासन द्वारा उसे पुरस्कार एवं सम्मान भी प्रदान किया जाए। यदि संबंधित महिला के साथ किसी भी प्रकार की गलत कार्रवाई की जाती है, तो भारतीय किसान यूनियन (भानु) अनिश्चितकालीन आंदोलन प्रारम्भ करेगी, जो तब तक जारी रहेगा जब तक दोषी अधिकारियों की निष्पक्ष एवं स्पष्ट जांच नहीं हो जाती।
प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल में मरीजों से बातचीत के दौरान पाया कि वहाँ कई मरीजों को दवाइयाँ बाहरी दुकानों से खरीदनी पड़ रही हैं, जिनकी कीमत ₹500 से ₹900 तक है। यह स्थिति तब है जब उपमुख्य चिकित्साधिकारी (डीसीएमओ) द्वारा पहले यह बताया गया था कि अस्पताल में सभी प्रकार की दवाइयाँ एवं जाँच सुविधाएँ उपलब्ध हैं।
गरीब मजदूर और किसान वर्ग का यह अस्पताल सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के भरोसे आता है, जहाँ उसे निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार की उम्मीद होती है। किंतु वर्तमान स्थितियाँ इसके पूरी तरह विपरीत हैं। यह भी जानकारी मिली है कि अस्पताल से जुड़े कुछ डॉक्टर अपने निजी अस्पतालों को संचालित करने में संलग्न हैं, जिससे सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है।
भारतीय किसान यूनियन (भानु) जनपद कन्नौज मांग करती है कि:
सौसैया अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए।
इस प्रकरण में संबंधित अधिकारियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
महिला कर्मचारी को सुरक्षा एवं सम्मान प्रदान किया जाए।
यदि इन माँगों को शीघ्रता से पूरा नहीं किया गया, तो यूनियन द्वारा एक विशाल आंदोलन प्रारंभ किया जाएगा। इस मौके पर अमन यादव राष्ट्र संगठन मंत्री, अमित कुमार राजपूत कानपुर मंडल अध्यक्ष, रविंद्र शर्मा कानपुर मंडल वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अयूब खान कानपुर मंडल उपाध्यक्ष, आकाश कश्यप जिला मीडिया प्रभारी, फैजान खान अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष कन्नौज, सचिन मिश्रा जिला अध्यक्ष कन्नौज छात्र मोर्चा, शिवम मिश्रा जिला उपाध्यक्ष छात्र मोर्चा, परमजीत सिंह तहसील उपाध्यक्ष, आलोक यादव मीडिया प्रभारी आदि पदाधिकारी मौजूद रहे









