लखनऊ।सूबे की राजधानी लखनऊ में गोसाईगंज क्षेत्र में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने 80 लाख रुपये की सिंथेटिक MDMA ड्रग्स के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार तस्कर का नाम मोहम्मद मुजीब (लखनऊ) और मुकेश सिंह (भदोही) हैं।यूपी एसटीएफ ने इनके पास से 80 लाख रुपये कीमत की सिंथेटिक MDMA ड्रग्स जब्त की है।हैरान करने वाली बात यह है कि मुजीब लखनऊ के लालबाग में अपने घर पर ही केमिकल का उपयोग कर यह सिंथेटिक ड्रग्स तैयार करता था।
पकड़े गए दोनों तस्कर वाराणसी के तस्कर अभय सिंह के ड्रग सिंडिकेट का हिस्सा थे।अभय सिंह इस रैकेट का मास्टरमाइंड था।अभय को मुंबई पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।मुकेश सिंह इस पूरे सिंडिकेट में कैरियर का काम करता था।मुजीब और मुकेश सिंह मिलकर इस MDMA ड्रग्स को वाराणसी सप्लाई करने की योजना बना रहे थे,तभी यूपी एसटीएफ ने दोनों को पकड़ लिया।
यूपी एसटीएफ की इस कार्रवाई से यूपी में ड्रग्स सप्लाई करने वाले बड़े नेटवर्क पर रोक लगाने में मदद मिली है।एसटीएफ अब दोनों तस्करों से पूछताछ कर रही है।एसटीएफ का मुख्य उद्देश्य अब इस सिंडिकेट से जुड़े पूरे गैंग का पर्दाफाश करना और उनके अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार करना है।यूपी में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए जांच जारी है।









