फिरोजाबाद। शिकोहाबाद तहसील के गाँव मौहम्मदपुर बैरई में चकमार्ग (नाली) निर्माण को लेकर छिड़ा विवाद अब और गहरा गया है। भारतीय किसान यूनियन (शिवपाल) ने गुरुवार को ग्रामवासियों के समर्थन में उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुँचकर धरना प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। किसान नेता सीता पांडव ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि ग्राम प्रधान द्वारा सरकारी आदेशों की अवहेलना और ग्रामवासियों को धमकाने की घटनाएं चिंताजनक हैं।
सरकारी आदेश को “फर्जी” बताया
ग्रामवासियों का आरोप है कि ग्राम प्रधान न केवल चकमार्ग निर्माण कार्य में अड़ंगा लगा रहे हैं, बल्कि उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद के 28 अक्टूबर, 2025 के आदेश को भी “फर्जी” बता रहे हैं। प्रधान पर सरकारी आदेश की खुली अवमानना का गंभीर आरोप लग रहा है।
ग्रामवासियों पर अभद्र भाषा और जेल की धमकी
ग्रामवासियों ने बताया कि जब उन्होंने प्रधान से इस मुद्दे पर बात करनी चाही तो उन्होंने अश्लील भाषा का प्रयोग किया और फर्जी मुकदमों में फँसाकर जेल भेजने की धमकी दी। प्रधान ने ग्रामवासियों को डराने के लिए अपनी “बड़े लोगों” से संबंधों का तड़का भी लगाया।
अधिकारियों पर लगे गंभीर आरोप
सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि ग्राम प्रधान ने लेखपाल और कानूनगो जैसे अधिकारियों पर “पैसे लेकर काम करने” का इल्ज़ाम लगाया है, जिससे प्रशासनिक अमले की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
किसान यूनियन ने उठाई मांग
भारतीय किसान यूनियन (शिवपाल) ने प्रशासन से तीन सूत्री मांगें रखी हैं:
1. चकमार्ग विवाद की तत्काल निष्पक्ष जाँच कराई जाए।
2. ग्राम प्रधान के खिलाफ धमकी और अभद्र व्यवहार का मुकदमा दर्ज किया जाए।
3. गाटा संख्या 112 और 168 पर अधूरे पड़े चकमार्ग का कार्य तुरंत पूरा कराया जाए।
गाँव में बढ़ रहा है तनाव
इस विवाद ने गाँव के माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है। ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति हिंसक हो सकती है। अब सभी की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं, जिससे ग्रामवासियों को न्याय मिल सके और उनके खेतों तक पहुँच मार्ग पूरा हो सके। उपस्थित भारतीय किसान यूनियन शिवपाल
अभिषेक यादव -प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश
अमन यादव(नंदू)-प्रदेश सचिव
शैलेंद्र राठौर- मंडल सचिव आगरा
धीरेंद्र यादव -बीटीसी बेराई
विजयपाल -मंडल संगठन मंत्र
प्रदीप शर्मा- नगर अध्यक्ष शिकोहाबाद
जीतू यादव- प्रदेश उपाध्यक्ष
आदर्श यादव- किसान नेता
भारतीय किसान यूनियन शिवपाल के समस्त पदाधिकारी गढ़ शामिल रहें









