इटावा, 03 नवम्बर 2025: मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत आज थाना सैफई पुलिस की एक विशेष पहल में उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला मठिया कथुआ के छात्र-छात्राओं को सुरक्षा, जागरूकता और अनुशासन के महत्व से रूबरू कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनकी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। पुलिस टीम ने बच्चों को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों का पालन और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
इस दौरान बच्चों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर जैसे- 112, 1098 (चाइल्डलाइन) और 1090 (महिला हेल्पलाइन) के बारे में बताया गया। साथ ही, उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, ताकि वे इसे अपने परिवार तक पहुंचा सकें।
पुलिस टीम ने नियमित स्कूल आने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें स्टेशनरी किट भी भेंट की। इससे बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने में मदद मिलेगी।
यह कार्यक्रम मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित, सम्मानजनक और स्वावलंबी बनाना है।









