ईवीएम से लेकर एनकाउंटर तक—हर मोर्चे पर योगी सरकार को घेरा, कहा- “अब सरकार का आखिरी बजट आने वाला है!”
इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को इटावा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष की सराहना करते हुए कहा, “सफारी के अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद, जो सपना समाजवादियों ने देखा था, उसके लिए ये लोग बराबर प्रयासरत हैं।”
मिट्टी के पहाड़ गायब होने का मामला
अखिलेश ने इटावा में मिट्टी के पहाड़ गायब होने का मुद्दा उठाते हुए कहा, “इटावा में पूरे-के-पूरे मिट्टी के पहाड़ गायब हो जाते हैं। हमारी सरकार आने पर इसकी जांच कराकर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।”
सरकार पर साधा निशाना
सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “सरकार के आखिरी दिन बचे हैं। सरकार के पास अब बजट भी नहीं बचा है। अब इनका आखिरी बजट आने वाला है!” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन पर कहा, “आज पीएम का देश के नाम संबोधन है, मैं कहता हूं कि दोबारा नोटबंदी की घोषणा न करें, जीएसटी जैसे कानून न लाएं।”
विदेश नीति पर उठाए सवाल
अमेरिका द्वारा H1B वीजा शुल्क बढ़ाए जाने पर अखिलेश ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “ट्रंप द्वारा एच1बी वीजा पर बढ़ाए गए शुल्क को लेकर कहना चाहूंगा कि इस सरकार की विदेश नीति पूरी तरह फेल हो चुकी है। इसकी वजह से हमारे मित्र देश कम हो रहे हैं। जो मित्र हुआ करते थे, वे अब व्यापार को लेकर हमें चिढ़ा रहे हैं और हमारा व्यापार छीनकर अपनी अर्थव्यवस्था मजबूत कर रहे हैं।”
ईवीएम और चुनावी धांधली का आरोप
अखिलेश ने ईवीएम पर संदेह जताते हुए कहा, “ईवीएम को लेकर अब पोल खुलने लगी है। इसे अब हट जाना चाहिए। कुछ विधानसभाओं में मन बना लिया गया है कि उन्हें जीतना ही है। बाय-इलेक्शन में जाति के हिसाब से पुलिस और अधिकारी लगाए जाते हैं और चुनाव लूट लिया जाता है।”
एनकाउंटर और कानून-व्यवस्था पर हमला
यूपी में हो रहे एनकाउंटरों को सरकार की असफलता बताते हुए उन्होंने कहा, “यूपी में एनकाउंटर सरकार की असफलता सिद्ध कर रहे हैं। किसी को भी जान लेने का अधिकार नहीं है।” साथ ही, उन्होंने कानपुर के अखिलेश दुबे के मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया, “मुख्तार अंसारी की तरह अखिलेश दुबे के लिए भी जेल में जहर तैयार हो रहा है। यह मामला उदाहरण है कि प्रदेश में कैसी सरकार चल रही थी।”
सिनेमा पर भी कसा तंज
अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बनी फिल्म पर भी व्यंग्य किया। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री पर बनी फिल्म फेल हो चुकी है, क्योंकि इसमें न तो ओरिजिनल डायलॉग हैं और न ही डबल इंजन सरकार के टकराने का सीक्वेंस!”
इस जनसभा के माध्यम से अखिलेश यादव ने आगामी चुनावों को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है और भाजपा पर हर मोर्चे पर हमला बोला है।









