सृष्टिके सर्वप्रथम शिल्पकार, विश्व के आदि अभियंता और देवताओं के मुख्य वास्तुकार भगवान विश्वकर्मा की जयंती इटावा नगरपालिका परिषद में बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति गुप्ता ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विधि-विधान से हवन और पूजन-अर्चन किया गया, जिसमें नगरपालिका के सभी कर्मचारियों-अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने कार्यों में सफलता एवं नगर की उन्नति की कामना की।
इस मौके पर अध्यक्ष श्रीमती ज्योति गुप्ता ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा शिल्प, निर्माण और सृजन के देवता हैं। उनसे प्रेरणा लेकर हम सभी को इटावा शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों को और गति देनी है। उन्होंने कर्मयोगियों से लगन और मेहनत से काम करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों के बीच पवित्र प्रसाद का वितरण किया गया और बड़े पैमाने पर भंडारे का आयोजन भी किया गया, जहाँ सभी ने भोजन का आनंद लिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से ईओ नगरपालिका श्री संतोष कुमार मिश्रा, नगरपालिका के ब्रांड एंबेसडर श्री आलोक दीक्षित, सभासदगण श्री सचिन कठेरिया, श्री अरूण यादव, केशव यादव, सियाराम सक्सेना, लवलेश कठेरिया सहित नगरपालिका के तमाम अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शिरकत की।









