इटावा – स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर आज नगरपालिका परिषद इटावा में मुख्य अतिथि एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ज्योति गुप्ता ने झंडारोहण कर देशभक्ति का संदेश दिया। इस मौके पर उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को एकता और अखंडता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत मिशन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष ने उनके परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता ही सेवा का सबसे बड़ा रूप है।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा, स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर आलोक दीक्षित, समस्त सभासद गण एवं नगरपालिका के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उत्साहपूर्ण सहभागिता की। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की गूंज और राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत वातावरण रहा।
यह आयोजन नगरवासियों के लिए प्रेरणादायक रहा, जहाँ स्वच्छता के सैनिकों के योगदान को सलाम किया गया और राष्ट्रनिर्माण में सभी की भागीदारी का संकल्प लिया गया।









