नेमरा,रामगढ़।झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में झारखंड के जन्मदाता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्ध की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो गई है।पूरा आयोजन पांरपरिक रीति रिवाजों और स्थानीय मान्यताओं के अनुसार होगा।आयोजन में खान-पान की व्यवस्था,सुरक्षा और हर चीज का पुख्ता इंतजाम किया गया है।रीति रिवाजों के मुताबिक श्राद्ध से पहले सीएम सोरेन ने भी अपना सिर मुंडवा लिया है। सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर सीएम सोरेन ने इससे जुड़ी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं।इन तस्वीरों में वह बेहद भावुक नजर आ रहे हैं।
सीएम हेमंत सोरेन ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, दशकर्म,झारखंडी सभ्यता,संस्कृति और परंपरा को समर्पित। झारखड राज्य निर्माता वीर दिशोम गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित।वीर दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें,वीर दिशोम गुरु शिबू सोरेन जिंदाबाद।
इससे पहले सीएम हेमंत सोरेन ने अपने गांव नेमरा में धार्मिक मान्यताओं,संस्कारों और स्थानीय परंपराओं के अनुरूप बाबा को भोजन परोसे जाने की रस्म निभाई थी।यह एक ऐसा रस्म -रिवाज है,जिसमें दिवंगत व्यक्ति की आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए श्राद्ध कर्म के दौरान हर दिन स्थानीय विधि- विधान और परंपरा के अनुरूप इसे निभाया जाता है।
बता दें कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्ध के लिए नेमरा में बड़े स्तर पर तैयारी की गई है।संस्कार भोज के लिए दो लाख से अधिक लोगों को निमंत्रण भेजा गया है। इसके अलावा तीन बड़े पार्किंग स्थल बनाए गए हैं,जहां से लोगों के आने जाने के लिए 300 से ज्यादा ई रिक्शा की व्यवस्था की गई है।भोजन के लिए 3 विशाल पंडाल लगाए गए हैं,जहां एक साथ बड़ी संख्या में लोग बैठ कर भोजन कर सकेंगे।यहां स्थानीय और पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ प्रसाद भी परोसा जाएगा।श्राद्ध कर्म में आने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।









