Explore

Search

February 16, 2026 12:14 pm

मां-बेटे और बहू की मौत का मामला,बेड पर पड़े मिले थे तीनों के शव,रात में बाबा ने की थी झाड़ फूंक

प्रतापगढ़।उत्तर प्रदेश के बड़के जिले प्रतापगढ़ के लीलापुर थाना क्षेत्र के सगरा सुंदरपुर बाजार से गुरूवार को दिल दहलाने वाली घटना सामने आई थी। 48 वर्षीय मां आशा,26 वर्षीय बेटा अंकित और 22 वर्षीय बहू रिया का सुबह घर में एक बेड पर शव पडा़ मिला था।तीनों की जहरीला पदार्थ खाने से मौत की आशंका जताई रही थी।

 

मां-बेटे और बहू की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज किया है।रिया के पिता ने जमीन के विवाद में चार लोगों पर साजिश के तहत जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर तीन मौतों की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी संजय राय ने जल्द पूरी वारदात के खुलासे का भरोसा दिलाया।

 

रात को अंतिम संस्कार कर लौटे मृतका रिया के पिता दीप कुमार पटवा ने पुलिस को तहरीर दी।आरोप है कि दामाद अंकित के मकान का विवाद गड़वारा के भोला पटवा,उसके बेटे सत्यम पटवा,गौराडांड निवासी राजू पटवा और उसके भाई मनोज पटवा से चल रहा था।कई बार उन लोगों ने धमकी भी दी थी।उन्हें यकीन है कि बुधवार की रात इन लोगों ने साजिश रचकर खतरनाक जहरीला पदार्थ खिलाकर तीनों की हत्या की है।

 

सूत्रों के मुताबिक रात में ही पुलिस ने नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुट गई है।घर में लगे सीसीटीवी को खंगालने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा।दोपहर बाद से रात के बीच कोई भी घर के अंदर नहीं घुसा था।

 

मृतका आशा के घर शकूहाबाद का बुजुर्ग बाबा सिराज झाड़ फूंक करने आता जाता था।चर्चा है कि रात में सिराज की अंकित से बातचीत हुई थी। अंकित ने अपना और पत्नी रिया का सिर भारी होने की बात बताते हुए फूंक मारने को कहा था। वीडियो काल पर ही बाबा ने झाड़ फूंक किया था।इस दौरान रिया ठहाके मारकर हंसी भी थी।कुछ देर बाद बाबा फोन करने लगा,लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।इस मामले में बाबा सिराज से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।

 

सगरा सुंदरपुर बाजार में मां बेटे और बहू की मौत 22 मिनट के अंदर हुई है।ऐसा उनके मोबाइल की छानबीन और रिश्तेदारों के दावे के बीच सामने आया है, लेकिन इलाके के अधिकांश लोग आत्महत्या से इनकार करते हुए हत्या की आशंका ही जता रहे हैं।

 

मृतक अंकित के घर से कुछ दूर शुक्रवार सुबह क्रिया कर्म का सामान मिला।कुछ देर बाद तेजी से अफवाह फैली कि तंत्र मंत्र करने की वजह से उनकी मौत हुई है।यहां अंकित ने ही तंत्र मंत्र कराया था।सूचना मिलने पर पुलिस पहुंचकर छानबीन करने लगी।कुछ देर बाद स्पष्ट हुआ कि सप्ताह भर पहले निशित विश्वास की हादसे में मौत हो गई थी। क्रिया कर्म उनके परिजनों ने किया था।

 

 मृतक अंकित के घर मिले मिठाई के डिब्बे की अब जांच हो रही है।पुलिस उस दुकानदार से पता लगाएगी कि मिठाई कब कौन ले गया था।दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी खंगाला गया।सगरा सुंदरपुर बाजार में किसी दुकान पर जहरीली दवा मिलती है,इसकी भी पुलिस गहराई से छानबीन कर रही है।

 

सगरा सुंदरपुर बाजार में मां,बेटे और बहू की मौत के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने स्पेशल टीम के प्रभारी मनोज पांडेय को लीलापुर का थानाध्यक्ष बनाया है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर