लखनऊ।भारत को 1983 में पहला विश्व कप जिताने वाले कप्तान कपिल देव ने कल शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।इसके बाद कपिल देव मीडिया से रूबरू हुए,जिसमें उन्होंने एक बयान दिया जो सुर्खियों में बना हुआ है।इसे लेकर अब सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कपिल देव की सराहना की है।
दरअसल कपिल देव ने उत्तर प्रदेश पुलिस के दफ्तर की तारीफ की,जब कपिल ने यह बयान दिया तो उनके साथ पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार भी मौजूद थे।उन्होंने कहा कि मैं तो डीजीपी साहब की बड़ी तारीफ कर रहा था। कुमार साहब हद्द कर दी कि ये ऑफिस कॉरपोरेट ऑफिस से बड़ा ऑफिस लगा रहा है।इतनी अच्छी सुविधा मिलती है और क्या चाहिए।इस दौरान कपिल देव ने इस साल फरवरी में सपंन्न हुए महाकुंभ की भी प्रशंसा की। कपिल ने कहा कि इतने बेहतर इंतजाम थे कि 60 करोड़ लोग आए।आज और पहले के यूपी में काफी अंतर है,बहुत बदलाव आया है।
कपिल देव के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है।अखिलेश ने लिखा कि सपा के समय लखनऊ में बने वर्ल्ड क्लास पुलिस मुख्यालय की महान क्रिकेटर कपिल देव जैसे अच्छे और सच्चे लोगों से मिली सराहना हमारा उत्साह बढ़ाती है।बड़ी सोच से प्राप्त हुई उपलब्धि का मोल और मान वही समझ सकता है,जिसने स्वयं बड़ी उपलब्धि पायी हो।सपा का काम,दुनिया में मान।
अखिलेश यादव ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में योगी सरकार पर निशाना साधा।अखिलेश ने तंज कसते हुए लिखा कि भाजपा ने किसी एक किसान नेता की ही नहीं बल्कि हर एक किसान की पगड़ी उछाली है। परम आदरणीय चौधरी चरण सिंह जी ने जीवन भर किसानों के मान-सम्मान की जो लड़ाई लड़ी, ये हमला उनकी उन ऐतिहासिक कोशिशों पर भी हुआ है। इससे ग़ाज़ीपुर बार्डर से ग़ाज़ीपुर तक उप्र का हर किसान आंदोलित है। कोई और भले लाठी का वार और तिरस्कार भूल जाए, सच्चा किसान कभी नहीं भूलेगा।









