भरथना/इटावा जयोत्री एकेडमी में महाशिवरात्रि के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें धर्म, संस्कृति और कला का अद्भुत समागम दर्शाया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय निदेशक डा0 नितिन पोरवाल व प्रधानाचार्य योगेन्द्र नाथ मिश्रा द्वारा माँ सरस्वती, भगवान शिव व विद्यालय प्रेरणास्त्रोत स्व0 जयगोपाल-गायत्री देवी पोरवाल के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया। तत्पश्चात छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट भाषण कला द्वारा शिवरात्रि की महिमा का बखान किया। संगीत प्रशिक्षक अनुज के निर्देशन में बच्चों द्वारा शिवजी की स्तुति में गाए गए मधुर भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शिव-पार्वती विवाह व भगवान शिव के विभिन्न रूपों को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत कर उनका मनमोहक नृत्य रहा। इस अवसर पर प्रसिद्ध धर्म प्रचारक, साहित्य सांसद एवं ज्योतिषाचार्य पंडित रामेश्वर त्रिपाठी, आचार्य अंकुर द्विवेदी, आचार्य आनंद द्विवेदी, शैलेन्द्र त्रिपाठी आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।









