Explore

Search

February 17, 2026 11:50 am

ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक संपन्न

बसरेहर/इटावा। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना व स्पॉन्सरशिप के अंतर्गत पात्र लाभार्थी बच्चों का चयन शीघ्र करें ताकि कोई भी पात्र बच्चा योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। यह बातें ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक में कही गई।

जिला प्रोबेशन अधिकारी सूरज सिंह के निर्देश पर पहुंचे बाल संरक्षण अधिकारी सोहन गुप्ता ने ब्लॉक सभागार में मिशन वात्सल्य के अंतर्गत आयोजित उक्त बैठक में क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना व स्पॉन्सरशिप के अंतर्गत असहाय व अनाथ बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है। पात्र लाभार्थी बच्चों को हर हाल में लाभ दिलाना है। श्री गुप्ता ने दत्तक ग्रहण, फॉस्टर केयर व कन्या सुमंगला योजना की पात्रता एवं लाभ की विस्तृत जानकारी दी तथा आवेदन प्रारूप भी भरना समझाए। उन्होंने बताया कि नि:संतान दंपत्ति पोषक माता-पिता बनने के लिए आवेदन कर प्राप्त बच्चों को दो वर्ष तक अपने पास रख सकते हैं जबकि दत्तक ग्रहण के लिए कारा वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम कुमार शाक्य ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजनान्तर्गत ढाई हजार रुपए प्रतिमाह व स्पॉन्सरशिप के अंतर्गत चार हजार रुपए प्रतिमाह पात्र लाभार्थी असहाय व अनाथ बच्चों को मिल रहा है इस कारण कोई भी ऐसा बच्चा अब शिक्षा से वंचित नहीं रह सकेगा और न ही पालन पोषण में कोई दिक्कत होगी। बच्चों से संबंधित किसी भी मामले में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का भी सहयोग लिया जा सकता है।

प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी सुमन लता ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों से कहा कि वे नियमित अपनी डायरी अवश्य मेंटेन करें और पात्र बच्चों का चिन्हीकरण भी पुण्य कार्य समझकर करें।

बैठक में आंगनवाड़ी के साथ पहुंचे कुछ पात्र बच्चों को आवेदन से संबंधित प्रपत्रों की जानकारी हासिल की गई। आंकड़ा विश्लेषक उमर मुर्तजा ने योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रारूप व पैंपलेट कार्ड सभी को वितरित किए।

इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि अनुपम, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. सोवित यादव, बसरेहर थाने के उपनिरीक्षक मंजीत प्रसाद ने बाल हित में जानकारियां प्रदान कीं। बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर