Explore

Search

February 15, 2026 9:16 am

अज्ञात लंबे समय भर्ती मरीज को अस्पताल प्रशासन ने अपनों से मिलवाया

इटावा : सैफई 01 फरवरी अनिल कुमार पाण्डेय। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के अस्पताल प्रशासन ने पहल करते हुए लगभग एक साल से विश्वविद्यालय में भर्ती अज्ञात मरीज वीरेंद्र तिवारी, उम्र 42 वर्ष को उनके परिजनों से मिलवाने में सफलता पायी। वीरेंद्र तिवारी, फतेहपुर जिले के जहानाबाद क्षेत्र के निवासी हैं तथा 29 दिसम्बर, 2023 को विश्वविद्यालय परिसर में लावारिस तथा बीमार स्थिति में पाये गये। उस दौरान अस्पताल प्रशासन ने तुरन्त उन्हें इमरर्जेंसी विभाग में भर्ती कराने के साथ इलाज शुरू कर दिया। यह जानकारी विश्वविद्यालय के चिकित्सा अधीक्षक डा0 एसपी सिंह ने दी। उन्होंने यह भी बताया कि भर्ती के समय वीरेंद्र तिवारी के पैर में चोट के साथ उनकी मानसिक स्थिति भी असंतुलित पायी गयी। उन्हें इमर्जेंसी पुरुष सर्जरी वार्ड में डा राम लखन वर्मा की देखरेख में भर्ती करने के साथ उनका निःशुल्क इलाज शुरू कर दिया गया। इस दौरान उप चिकित्सा अधीक्षक डा विश्वदीपक के निर्देश पर मेडिकल सोशल सर्विस आफिसर मनोज मौर्य ने मरीज की पहचान और परिजनों तक मिलाने के लिए विशेष प्रयास किया। इलाज के दौरान मरीज वीरेन्द्र तिवारी के स्वास्थ्य में सुधार होने के साथ ही उनकी मानसिक स्थिति में भी सुधार हुआ। अस्पताल प्रशासन के लगातार प्रयासों से 29 जनवरी 2025 को वीरेंद्र तिवारी के सम्बन्धी जिसमें भतीजे विकास तिवारी और भांजे दिल्ली से सैफई पहुंचे। करीब 400 दिन बाद वीरेंद्र तिवारी अस्पताल से डिस्चार्ज होने के साथ अपने परिजनों से मिले, इस दौरान वह बेहद खुश नजर आये। इसके लिए परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के प्रति आभार जताया। परिजनों का कहना था कि उन्होंने काफी खोजबीन की तथा न मिलने पर उन्होंने लगभग उनके मिलने की आशा छोड़ रखी थी। इस दौरान विश्वविद्यालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ एस पी सिंह ने बताया कि अभी भी करीब डेढ़ दर्जन से अधिक अज्ञात और लावारिस मरीज अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती हैं। ऐसे किसी भी अज्ञात मरीज की जानकारी विश्वविद्यालय के चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय, इमर्जेंसी विभाग तथा मुख्य नर्सिंग अधीक्षिका कार्यालय में आकर प्राप्त किया जा सकता है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर