नई दिल्ली।केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली की चुनावी जंग अब प्रचार के अंतिम चरण में आ पहुंची है।सत्ताधारी आम आदमी पार्टी की ओर से प्रचार की कमान मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल ने संभाल रखी है।कांग्रेस की ओर से लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी कई रैलियां रद्द होने के बाद अब मैदान में आ डटे हैं।भारतीय जनता पार्टी की ओर से गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत बड़े चेहरे प्रचार के मैदान में उतर चुके हैं।
आज बुधवार को दिल्ली के उस्मानपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित किया।पीएम मोदी ने कहा कि यहां का नजारा दिल्ली के मूड को दर्शा रहा है,यह दिल्ली के लोगों के जनादेश को दर्शाता है,दिल्ली कह रही है कि अब आपदा के बहाने नहीं चलेंगे,आपदा के झूठे वादे नहीं चलेंगे,दिल्ली कह रही है कि अब आपदा की लूट और झूठ नहीं चलेगा,यहां के लोग ऐसी डबल इंजन वाली सरकार चाहते हैं जो गरीबों के लिए घर बनाए,दिल्ली को आधुनिक बनाए,हर घर में नल का जल पहुंचाए और टैंकर माफिया से मुक्ति दिलाए।आज दिल्ली कह रही है कि जब 5 फरवरी आएगी आपदा जाएगी,भाजपा आएगी।
महाकुंभ में भगदड़ पर पीएम ने जताया दुख
प्रयागराज में महाकुंभ में हुई भगदड़ पर पीएम मोदी ने दुख जताया है।पीएम ने कहा कि कुंभ में जो दुखद हादसा हुआ है, कई पुण्य आत्माओं को खोना पड़ा है,मैं इस हादसे पर अपनी संवेदना प्रकट करता हूं,मैं उत्तर प्रदेश सरकार से लगातार संपर्क में हूं।कुछ समय के लिए स्नान की प्रक्रिया में रुकावट आई थी,लेकिन अब कई घंटे से लोग स्नान कर रहे हैं।मौनी अमावस्या की वजह से आज काफी भीड़ है। पीएम ने कहा कि साथियों दिल्ली का एक क्षेत्र यमुना के तट पर बसा है,मैं उन्हें नमन करते हुए जनता को भी प्रणाम करता हूं।वर्किंग डे होने के बाद भी इतनी विशाल संख्या में आए हैं।
सारे वादे समय सीमा में पूरे किए जाएंगे
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली भाजपा ने शानदार संकल्प पत्र जनता के लिए बनाया है। हर वर्ग के लिए अच्छी योजना लाने का वादा किया। 8 तारीख को जब भाजपा की सरकार बनेगी, सारे वादे समय सीमा में पूरे किए जाएंगे यह मोदी गारंटी है। मोदी की गारंटी का मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी है। विकसित भारत की राजधानी भी एक मॉडल शहर होना चाहिए। क्या आज दिल्ली एक आधुनिक देश की राजधानी का रंग रूप नजर आता है।
एक बार दिल्ली की सेवा का मौका दीजिए
पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी के 25 साल बीत चुके हैं। इसमें से पहले 14 साल कांग्रेस को भी देखा और फिर आपदा को भी देखा। दोनों ने आपकी 2 पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया। आज भी वही जाम, गलियों में गंदगी, टूटी सड़कें, पीने के लिए गंदा पानी। इन हालात से दिल्ली को बाहर निकालना है। हमें 11 साल के पेंडिंग काम भी पूरे करने हैं और आने वाले 25 सालों के लिए भी काम करना है।दिल्ली वालों से कहना चाहता हूं कि मुझे एक बार दिल्ली की सेवा करने का मौका दीजिए।
आपके लिए अपना सबकुछ खपा दूंगा
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली ने आज तक मुझे मौका नहीं दिया।एक परिवार की तरह आपका ख्याल रखूंगा,आपके लिए अपना सबकुछ खपा दूंगा,भाजपा जो कहती है करके दिखाती है। भाजपा अगर देश के दुर्गम गांव में नल से जल दे सकती है तो दिल्ली में भी दे सकती है। पीएम ने कहा कि आपदा वालों ने टैंकर वालों के भरोसे दिल्ली के लोगों को छोड़ दिया है, यमुना का बुरा हाल कर दिया और अब कहते हैं कि यमुना की सफाई से वोट नहीं मिलेगा।ये बेशर्मी है,ये चाहते हैं कि हमारे पूर्वांचल के भाई-बहन गंदे पानी में ही छठी मैया की पूजा करें।
यमुना में जहर के आरोपों पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली के एक ex CM ने हरियाणा के लोगों पर आरोप लगा दिए।हार के डर से आपदा वाले घबरा गए।क्या हरियाणा के लोग अपने ही परिवार के लोगों के पानी में जहर मिला सकते हैं।मोदी और देश के सभी न्यायाधीश और दुनिया भर की एम्बेसी के लोग भी वही पानी पीते हैं। क्या कोई सोच सकता है कि मोदी के पानी में हरियाणा वाले जहर मिला सकते हैं। ऐसी ओछी बातें करने वालों को दिल्ली सबक सिखाएगी। इन आपदा वालों की लुटिया यमुना में ही डूबेगी।
बता दें कि दिल्ली में भाजपा 1993 के बाद से अब तक कोई भी विधानसभा चुनाव नहीं जीत सकी है। भाजपा ने साल 1998 के चुनाव में हार के साथ दिल्ली की सत्ता से बाहर हुई थी।भाजपा की कोशिश है कि इस बार लगभग 27 साल का सियासी सूखा समाप्त कराया जा सके।दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 5 फरवरी को मतदान होगा और मतगणना 8 फरवरी को होगी।









