अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम; एटा से आए परिजनों ने गाँव में किया हंगामा, दोनों पक्षों में जमकर हुई मारपीट
अब्दुल्लाह अख़्तर
छिबरामऊ (कन्नौज)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अलहा में रविवार शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष जहां इसे बीमारी के चलते हुई मौत बता रहा है, वहीं मायके पक्ष ने हत्या का संगीन आरोप लगाते हुए गांव में जमकर हंगामा काटा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि उनके बीच मारपीट भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतका सरस्वती (29 वर्ष) मूल रूप से जनपद एटा के ग्राम तीखातर की रहने वाली थी। उसकी शादी वर्ष 2014 में ग्राम अलहा निवासी अजय पाल के साथ हिंदू रीति-रिवाजों से हुई थी मृतका अपने पीछे एक 11 वर्षीय बेटी छोड़ गई,मृतका के पति अजय पाल, जो पेशे से मजदूर हैं, ने बताया कि सरस्वती लंबे समय से बीमार चल रही थी। रविवार शाम जब उसकी दवाइयां खत्म हो गईं, तो वह उसे चिकित्सक के पास ले जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में ही उसकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही एटा से उसके मायके पक्ष के लोग भारी संख्या में अलहा गांव पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरस्वती की बीमारी से मौत नहीं हुई, बल्कि उसकी हत्या की गई है। इस बात को लेकर ससुराल और मायके पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों गुटों के बीच हाथापाई और मारपीट होने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी पुलिस की जांच
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और सरस्वती के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
पुलिस ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”











