Explore

Search

February 15, 2026 1:23 am

बिना नक्शा पास बनी तीन मंजिला स्कूल की इमारत पर मंडराया ध्वस्तीकरण का खतरा

भाकियू (महात्मा टिकैत) ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन; 1100 बच्चों की सुरक्षा एवं मानक ताक पर रखने का आरोप

अब्दुल्लाह अख्तर

गुरसहायगंज/छिबरामऊ (कन्नौज)। भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) ने शुक्रवार को नगर की गंभीर समस्याओं को लेकर उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) छिबरामऊ को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। यूनियन ने रामगंज स्थित एक निजी स्कूल भवन के निर्माण में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उसे ध्वस्त करने और उसकी मान्यता निरस्त करने की पुरजोर मांग की है।
पहले ज्ञापन में भाकियू ने आकाश एजुकेशन सेंटर के भवन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन का आरोप है कि नगर पालिका परिषद गुरसहायगंज क्षेत्र के अंतर्गत संचालित इस विद्यालय में लगभग 1100 नाबालिग बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, लेकिन स्कूल का भवन पूरी तरह असुरक्षित है।
यूनियन के अनुसार, भवन का निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे, बिना CLU (धारा 143), बिना NOC और नेशनल बिल्डिंग कोड के नियमों को ताक पर रखकर किया गया है।
आरोप है कि विद्यालय के नीचे अवैध रूप से गहरा अंडरग्राउंड तहखाना बनाया गया है और उसके ऊपर तीन मंजिला इमारत खड़ी कर दी गई है। घटिया निर्माण सामग्री के कारण यह इमारत कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकती है।
भाकियू ने इसे संविधान के अनुच्छेद 21 और बाल अधिकारों का खुला उल्लंघन बताया है। संगठन ने प्रशासन से सवाल पूछा कि आखिर वर्ष 2000 से अब तक बिना वैध स्वीकृति के यह विद्यालय कैसे संचालित हो रहा है? यूनियन ने मांग की है कि विद्यालय की तत्काल स्वतंत्र जांच कराकर इसे ध्वस्त किया जाए और दोषी प्रबंधन व अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज हो।
किसानों की समस्याओं पर भी बरसे कार्यकर्ता
दूसरे ज्ञापन के माध्यम से किसानों और गरीबों की रोजमर्रा की समस्याओं को उठाया गया। खाद विक्रेताओं द्वारा कम वजन और अधिक दाम वसूलना,स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अचानक हुई बढ़ोतरी,कोल्ड स्टोरेज में तय दर से अधिक किराया वसूला जाना, प्राकृतिक आपदा से नष्ट हुई फसलों का मुआवजा न मिलना।
कहा कार्रवाई न हुई तो जाएंगे हाईकोर्ट
यूनियन ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन विषयों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन उच्च न्यायालय और राज्य मानवाधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाएगा।
मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष इरशाद अली, मंडल उपाध्यक्ष अकबर खान, जिला अध्यक्ष मकबूल अहमद, जिला प्रभारी नीरज दुबे, जिला महासचिव अमन खान, आमिर खान, रजाउल अली, प्रशांत गौतम, गगन श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर