छिबरामऊ, कन्नौज :नगर के श्री कप्तान सिंह कोल्ड स्टोरेज का शुभ मुहूर्त आज पूरे विधि-विधान और हवन-पूजन के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कोल्ड स्टोरेज के नए सत्र की शुरुआत की।
पुराना भाड़ा माफ, किसानों को मिली बड़ी राहत
हवन के उपरांत उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि “जिन किसान भाइयों ने पिछले समय के पैकेट (आलू) नहीं छुड़ाए थे, उनका भाड़ा पूरी तरह से माफ कर दिया गया है।” इस फैसले से क्षेत्र के उन गरीब किसानों को बड़ी राहत मिली है जो आर्थिक तंगी के कारण अपना पुराना हिसाब चुकता नहीं कर पाए थे।
अरविंद सिंह यादव ने सुरक्षा और सम्मान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि कोल्ड स्टोरेज में किसानों को हर प्रकार की आधुनिक सुविधा दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी भी कर्मचारी ने किसान को परेशान किया या उसके साथ अभद्रता की, तो उसकी खैर नहीं होगी। हर किसान के पास मेरा व्यक्तिगत नंबर है, किसी भी समस्या पर मुझे तुरंत फोन करें, उसका समाधान तुरंत किया जाएगा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि अन्य कोल्ड स्टोरेज जो भी सुविधा देते हैं, श्री कप्तान सिंह कोल्ड स्टोरेज उससे बेहतर और अधिक सुविधाएं अपने किसान भाइयों को प्रदान करेगा।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से प्रताप सिंह नेताजी, सुरेश, विनोद प्रधान, अशोक यादव, गुड्डू किसान ,लालू बघेल, सत्येंद्र सिंह, रवि यादव, अंजू फौजी, अखिलेश वर्मा, कोल्ड मैनेजर सुदर्शन सिंह, भूपेंद्र सिंह, अंकुर सिंह यादव, उपेंद्र यादव ,ऑपरेटर हुकुम सिंह, आढ़तिया मोहित यादव सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय किसान भाई उपस्थित रहे।









