Explore

Search

August 26, 2026 2:16 pm

जिलाधिकारी ने जसवंतनगर स्थित प्रसिद्ध ब्रह्माणी मंदिर का किया निरीक्षण, श्रावण मास के दृष्टिगत व्यवस्थाओं का लिया जायजा

इटावा 28 जुलाई, 2026- पवित्र श्रावण मास एवं आगामी पर्वों के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम दर्शन-पूजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आज जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने जसवंतनगर स्थित प्रसिद्ध ब्रह्माणी देवी मंदिर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, गर्भगृह, प्रवेश एवं निकास मार्गों, परिक्रमा पथ तथा पार्किंग स्थल का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने मंदिर प्रबंधन एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण मास में मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता और निगरानी सुनिश्चित की जाए। श्रावण मास के प्रत्येक दिन मंदिर परिसर एवं पहुँच मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की जाए।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए शीतल एवं स्वच्छ पेयजल के प्रबंध किए जाएं। मंदिर मार्ग एवं परिसर में पर्याप्त लाइट/स्ट्रीट लाइट की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित रहे। श्रद्धालुओं की कतारबद्ध आवाजाही हेतु आवश्यकतानुसार मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए ताकि गर्भगृह में दर्शन के दौरान भगदड़ या अव्यवस्था की स्थिति न बने। मंदिर परिसर के समीप प्राथमिक चिकित्सा किट एवं एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पवित्र श्रावण मास में ब्रह्माणी देवी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु आते हैं। हमारी प्राथमिकता है कि सभी भक्तों को अनुशासित, सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में दर्शन करने का अवसर मिले। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जसवंतनगर, जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित कुमार, मंदिर समिति के पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर