Explore

Search

March 4, 2026 3:06 pm

खोया बेचने गए किसान का शव मिला, हत्या की आशंका

अब्दुल्ला अख़्तर

छिबरामऊ (कन्नौज): होली के पर्व के बीच छिबरामऊ क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब घर से खोया बेचने निकले एक किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
ग्राम मझंगमा निवासी कृपाल सिंह (50) सोमवार शाम करीब 5 बजे अपनी बाइक पर खोया लादकर छिबरामऊ बाजार बेचने के लिए निकले थे। खेती-किसानी के साथ-साथ कृपाल सिंह पशुपालन और खोया बनाने का व्यवसाय भी करते थे। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने काफी तलाश की और फोन मिलाया, लेकिन कृपाल सिंह का मोबाइल लगातार बंद आ रहा था।
मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उधरनपुर स्थित विद्या प्रकाश महाविद्यालय के समीप राहगीरों ने एक शव पड़ा देखा। स्थानीय दुकानदारों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुँचे परिजनों ने मृतक की पहचान कृपाल सिंह के रूप में की। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुँच गई और घटनास्थल का जायजा लिया।
मृतक के परिवार का कहना है कि यह कोई सामान्य मौत या दुर्घटना नहीं है। परिजनों ने स्पष्ट तौर पर हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से मामले की गहनता से जांच करने की मांग की है।
वह शाम को सही-सलामत निकले थे, उनका किसी से कोई विवाद भी सामने नहीं आया था, फिर भी उनकी जान ले ली गई। हमें निष्पक्ष जांच और न्याय चाहिए।” — परिजनों का बयान
कृपाल सिंह अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर सुनते ही पत्नी प्रेमलता, तीन बेटों (देवेश, प्रतीक) और दो बेटियों (सोहिता, शालिनी) का रो-रोकर बुरा हाल है। भाइयों सत्यवान और कलेक्टर सिंह ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर 100 शैय्या अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सोमवार शाम से मंगलवार सुबह के बीच कृपाल सिंह किन लोगों के संपर्क में थे, पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों (चोट या अन्य) का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर