Explore

Search

August 27, 2026 6:31 am

तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर, पांच लोग गंभीर घायल

अब्दुल्लाह अख़्तर

छिबरामऊ (कन्नौज): छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत करमल्लापुर के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पीछे से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोषी देवी अपने परिवार के साथ बेवर में अपनी भांजी की शादी में शामिल होने गई थीं। रविवार को शादी संपन्न होने के बाद परिवार के सभी सदस्य ऑटो  से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो प्रेमपुर चौकी क्षेत्र के करमल्लापुर के सामने पहुँचा, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण कि सड़क पर बिखरे घायल
चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर दौड़े और तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल ‘सौ सैय्या’ अस्पताल पहुँचाया गया।
संतोषी देवी,रामप्यारी देवी,केशववती देवी,प्रशांत (10 वर्ष),शैलेंद्र (ऑटो चालक) घायल हैं।
अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद भी घायलों की हालत नाजुक बनी हुई थी, जिसके चलते बेहतर इलाज के लिए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर