अब्दुल्ला अख़्तर
भाजपा सरकार न्याय विरोधी, वकीलों के मान और रोज़ी-रोटी पर हुआ हमला: कौशल यादव
छिबरामऊ: लखनऊ में बीते दिनों वकीलों पर हुए लाठीचार्ज और उनके चैंबरों पर चलाए गए बुलडोज़र के विरोध में अब विभिन्न सामाजिक और किसान संगठनों ने भी अपनी आवाज़ बुलंद करनी शुरू कर दी है। भारतीय किसान यूनियन (बलराज) ने इस पूरी घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पीड़ित अधिवक्ताओं के आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है।
यूनियन के प्रदेश मीडिया प्रभारी कौशल यादव ने जारी एक बयान में कहा कि अपने अधिकारों के लिए मुखर होकर संघर्ष करने वाले निर्भय और साहसी अधिवक्ता समाज का हर जगह सम्मान होता है। भारतीय किसान यूनियन (बलराज) इस संकट की घड़ी में सभी पीड़ित वकीलों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
कौशल यादव ने सरकार की कार्रवाई पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “अधिवक्ताओं के लिए उनका चैंबर किसी मंदिर से कम नहीं होता। इसी के आधार पर वे न्याय की लड़ाई लड़ते हैं और दिन-रात कड़ी मेहनत करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं तथा सामाजिक जिम्मेदारियाँ निभाते हैं। लखनऊ में भाजपा सरकार द्वारा चलाई गई लाठी सिर्फ महिला-पुरुष वकीलों पर नहीं, बल्कि उनके आत्मसम्मान पर पड़ी है। चैंबरों को ध्वस्त करना सीधा उनकी रोज़ी-रोटी पर हमला है।”
चेतावनी भरे लहजे में उन्होंने कहा कि अगर अधिवक्ता समाज ने ठान लिया, तो वे सत्तापक्ष और उनसे जुड़े लोगों के घर, दुकान और प्रतिष्ठानों के वैध-अवैध होने का पूरा कच्चा चिट्ठा जनता के सामने ला देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में जब ये लोग कोर्ट में अपना केस लड़ने आएंगे, तो वकीलों द्वारा इनका पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा, जिससे इन्हें पैरवी के लिए वकील तक नसीब नहीं होगा। उन्होंने भाजपा को ‘न्याय विरोधी’ बताते हुए कहा कि सरकार न्याय के लिए संघर्ष करने वालों को निशाना बना रही है।
बयान के अंत में मीडिया प्रभारी ने स्पष्ट किया कि भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष सहित पूरा संगठन संघर्षरत और पीड़ित अधिवक्ताओं के साथ मजबूती से खड़ा है। संगठन वकीलों के सम्मान की इस लड़ाई में हमेशा उनका साथ देने के लिए वचनबद्ध है।





